
रिटायर्ड जज घर में हुई चोरी में पुलिस कमिश्नर की फटकार के बाद टीम गठित
गुना जिले के पारदी गिरोह ने दिया था वारदात को अंजाम
भोपाल. राजधानी भोपाल में एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस कमिश्नर की फटकार के बाद टीम गठित की गई। इस टीम में कटारा हिल्स थाने के अलावा बागसेवनिया, मिसरोद के पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। टीम का प्रभारी कटारा हिल्स थाना प्रभारी को बनाया गया है।
सूत्रों की मानें तो गुना के पारदी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। जबकि उनकी मदद भोपाल के एक पारदी व्यक्ति ने की थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में भी ले लिया है। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक गिरिबाला के जेल में जाने के बाद घर में उनके भाई रहते हैं। उन्होंने बताया कि गत दिवस की रात चोर पिछले हिस्से से घर में दाखिल हुए, इसलिए उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस घर के पास पहुंची थी, और गाड़ी का सायरन सुनते ही बदमाश सामान छोड़कर फरार हो गए थे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा भी किया था, लेकिन वे चकमा देने में कामयाब रहे। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सिंह ने जोन-2 के अफसरों को मामले में फटकार लगाई थी। इसके बाद टीआई कटारा के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। जिसमें सब इंस्पेक्टर कौलेंद्र सिंह बघेल, एएसआई मुकेश, एएसआई सुषमा सिंह, प्रधान आरक्षक सर्वेश भदौरिया, प्रधान आरक्षक अशोक तोमर, प्रधान आरक्षक महेश सोनी, आरक्षक जितेंद्र सिंह दांगी और आरक्षक आशीष गौर शामिल हैं।
गौरतलब है कि ट्विशा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह 14 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में रखा गया हैं। दोनों की मंगलवार दोपहर वीसी के माध्यम से कोई में पेशी हुई थी।




