कांग्रेस ने सिलेंडर को लेकर किया प्रदर्शन, नाली में पाइप डालकर गैस चूल्हा जलाने की की कोशिश, लकड़ियों पर तले पकोड़े

101

कांग्रेस ने सिलेंडर को लेकर किया प्रदर्शन, नाली में पाइप डालकर गैस चूल्हा जलाने की की कोशिश, लकड़ियों पर तले पकोड़े

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

भिण्ड शहर में जिला कांग्रेस कमेटी शहरी द्वारा गैस सिलेंडरों की कमी और उस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नाली से गैस जलाने के बयान के बाद रविवार को शहर में गैस सिलेंडर लेकर रैली निकाली और फिर गोल मार्केट पर गांधी प्रतिमा के पास पहले नाली में गैस चूल्हे का पाइप डालकर गैस जलाने की कोशिश की गई और फिर गांधी प्रतिमा के नीचे ही ईंटों से चूल्हा बनाकर लकड़ियों की आग जलाकर उस पर पकोड़े तले गये।

इस दौरान भाजपा और नरेंद्र मोदी के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व भिण्ड जिला कांग्रेस कमेटी शहरी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पिंकी द्वारा किया गया।

दरअसल ईरान इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के चलते रसोई गैस की किल्लत होने से लोगों को गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बयान भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसमें वह एक चाय वाले द्वारा नाली में पाइप डालकर गैस चूल्हा जलाकर चाय बनाने की बात कह रहे हैं।

इसी को लेकर भिण्ड जिला शहरी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पिंकी के नेतृत्व में गैस सिलेंडर के साथ स्थानी व्यापार मंडल धर्मशाला से परेड चौराहा होते हुए गोल मार्केट तक रैली निकाल कर गोल मार्केट स्थित गांधी प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नंबर के झूठे व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा नाली से गैस बनेगी लेकिन जब कोशिश की तो गैस नहीं जली। मोदी रोजगार नही दे पा रहे हैं तो युवाओं को पकोड़े तलकर रोजगार की सलाह दे दी।

ऐसे में अब उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा के नीचे ही लकड़ियों का चूल्हा जलाकर खुद ही कढ़ाई में तेल गरम कर पकोड़े तले। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामहर्ष सिंह कुशवाह, रेखा भदौरिया, आशुतोष शर्मा ने भी जिलाध्यक्ष के साथ पकोड़े तले। पकोड़े बनाने के बाद धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी को पकोड़ों का भोग लगाया।