एसपी ऑफिस में घुसा ‘घोड़ा पछाड़’ सांप, हेड कांस्टेबल की बहादुरी, पकड़कर जंगल में छोड़ा, स्टाफ और आमजन ने ली राहत की सांस

131

एसपी ऑफिस में घुसा ‘घोड़ा पछाड़’ सांप, हेड कांस्टेबल की बहादुरी, पकड़कर जंगल में छोड़ा, स्टाफ और आमजन ने ली राहत की सांस

छतरपुर: छतरपुर शहर के एसपी ऑफिस में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घोड़ा पछाड़ प्रजाति का सांप परिसर में घुस आया। समय रहते पुलिस विभाग के प्रधान आरक्षक और ड्राइवर अयूब खान ने बहादुरी दिखाते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ दिया। घटना के बाद स्टाफ और आमजन ने राहत की सांस ली।

जानकारी के मुताबिक, एसपी ऑफिस के मुख्य गेट के पास सांप देखे जाने की सूचना प्रधान आरक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने दी। उन्होंने विभाग में सांप पकड़ने का अनुभव रखने वाले अयूब खान को तुरंत बुलाया। मौके पर पहुंचकर अयूब खान ने देखा कि सांप पेड़ पर चढ़कर उसके बिलनुमा गड्ढे में छिप गया है।

WhatsApp Image 2026 03 29 at 18.53.42

अयूब खान ने बिना देर किए लोहे की छड़ की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बाद में उसे शहर से दूर जंगल में छोड़ दिया गया।

अयूब खान ने बताया कि वह अब तक अपनी नौकरी के दौरान 100 से ज्यादा सांप पकड़ चुके हैं। पकड़ा गया सांप ‘घोड़ा पछाड़’ प्रजाति का था, जो जहरीला होने के साथ-साथ अपनी पूंछ से भी हमला करता है। अगर यह किसी को फटकार देता, तो गंभीर घाव और इंफेक्शन का खतरा हो सकता था।

WhatsApp Image 2026 03 29 at 18.53.42 1

बताया जा रहा है कि एसपी ऑफिस के पास ही जंगल और पहाड़ी इलाका है, जो वन क्षेत्र में आता है। इसी वजह से अक्सर यहां सांप और अन्य जीव-जंतु पहुंच जाते हैं।

घटना के समय छुट्टी का दिन होने से ऑफिस में लोगों की संख्या कम थी। स्टाफ का कहना है कि यदि भीड़ ज्यादा होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद विभाग के कर्मचारियों और आने वाले फरियादियों ने राहत महसूस की है।