Spacetech Policy: अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का उभरता हब बनेगा मध्यप्रदेश

77

Spacetech Policy: अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का उभरता हब बनेगा मध्यप्रदेश

नीलिमा तिवारी

मध्यप्रदेश अब पारंपरिक औद्योगिक विकास की सीमाओं से आगे बढ़कर अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा लागू की गई स्पेसटेक नीति- एक ऐतिहासिक पहल के रूप में सामने आई है, जिसका उद्देश्य प्रदेश को अंतरिक्ष तकनीक (स्पेस टेक्नोलॉजी) के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। यह नीति न केवल औद्योगिक निवेश और नवाचार को गति देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और शोध के नए द्वार भी खोलेगी।

आज जब दुनिया तेजी से अंतरिक्ष आधारित सेवाओं—जैसे सैटेलाइट संचार, मौसम पूर्वानुमान, नेविगेशन, कृषि मानिटरिंग और आपदा प्रबंधन—की ओर बढ़ रही है, तब भारत भी अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपनी हिस्सेदारी को लगातार मजबूत कर रहा है। ऐसे समय में मध्यप्रदेश की यह पहल उसे देश के अग्रणी स्पेसटेक राज्यों की श्रेणी में लाने का सशक्त प्रयास है।

Spacetech Policy-का सबसे बड़ा आकर्षण इसका व्यापक और संतुलित दृष्टिकोण है। यह नीति अंतरिक्ष क्षेत्र के तीनों प्रमुख हिस्सों—अपस्ट्रीम, मिडस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम—को कवर करती है।

अपस्ट्रीम में सैटेलाइट और लॉन्च व्हीकल के कंपोनेंट्स का निर्माण, प्रणोदन प्रणाली, एवियोनिक्स और उन्नत सामग्री का विकास शामिल है।

मिडस्ट्रीम में असेंबली, इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और मिशन संचालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

डाउनस्ट्रीम में सैटेलाइट डेटा के उपयोग, एआई आधारित एनालिटिक्स, ग्राउंड स्टेशन और स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस जैसे क्षेत्रों पर फोकस रहेगा।

इस तरह यह नीति केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे स्पेसटेक वैल्यू चेन को विकसित करने की दिशा में काम करेगी। इससे राज्य में एक मजबूत और आत्मनिर्भर स्पेसटेक इकोसिस्टम तैयार होगा। भविष्य की नींव
किसी भी तकनीकी क्षेत्र में दीर्घकालिक सफलता का आधार मजबूत अनुसंधान और नवाचार होता है। इसे ध्यान में रखते हुए नीति में स्पेसटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का प्रावधान किया गया है। यहां अत्याधुनिक अनुसंधान, प्रोटोटाइप निर्माण और स्टार्टअप इनक्यूबेशन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा स्मॉलसेट डिजिटल ट्विन लैब और स्पेस इनोवेशन सैंडबॉक्स जैसी आधुनिक अवधारणाओं को भी शामिल किया गया है, जो युवाओं और शोधकर्ताओं को प्रयोग और नवाचार के लिए एक सुरक्षित एवं सशक्त मंच प्रदान करेंगी।

Spacetech Policy-उज्जैन में प्रस्तावित खगोल भौतिकी और अंतरिक्ष विज्ञान अनुसंधान केंद्र विशेष महत्व रखता है। यह न केवल प्रदेश की प्राचीन खगोलीय विरासत—जैसे वेधशालाओं और ज्योतिषीय परंपराओं—को आधुनिक विज्ञान से जोड़ेगा, बल्कि इसे वैश्विक शोध मानचित्र पर भी स्थापित करेगा।

Spacetech Policy- स्टार्टअप्स और उद्योगों के लिए अत्यंत आकर्षक प्रोत्साहन लेकर आई है। राज्य सरकार ने नवाचार को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता के कई प्रावधान किए हैं—
आइडिया-टू-प्रोटोटाइप के लिए 75 लाख रुपये तक अनुदान
टेक्नोलॉजी अधिग्रहण के लिए 1 करोड़ रुपये तक सहायता,
200 करोड़ रुपये का रणनीतिक निवेश फंड,
पेटेंट पर 50 प्रतिशत तक प्रतिपूर्ति,
परीक्षण सुविधाओं के लिए 1 करोड़ रुपये तक सहायता,
अंतरराष्ट्रीय मानकों (आईएसओ, इसरो, इन-स्पेस) के लिए 75 प्रतिशत तक प्रतिपूर्ति

इसके साथ ही डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव और इनक्यूबेशन समर्थन से स्टार्टअप्स को शुरुआती चरण में ही मजबूती मिलेगी। यह व्यवस्था न केवल स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि देश-विदेश के निवेशकों को भी आकर्षित करेगी।
किसी भी तकनीकी क्रांति की सफलता उसके मानव संसाधन पर निर्भर करती है। इस नीति में युवाओं को स्पेसटेक क्षेत्र के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है।

उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे
संस्थानों को 20 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा
छात्रों को 6 माह तक 10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ इंटर्नशिप,
कर्मचारियों के कौशल उन्नयन के लिए 50 हजार रुपये तक सहायता,
शोधकर्ताओं के लिए विशेष स्पेसटेक फेलोशिप,
यह पहल प्रदेश के युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाकर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगी।
नीति में स्पेसटेक उद्योगों के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

40 प्रतिशत तक पूंजी अनुदान (अधिकतम 150 करोड़ रुपये)
स्पेस सिस्टम एवं एप्लीकेशन पार्क की स्थापना
क्लीन रूम, परीक्षण प्रयोगशालाएं और डेटा सेंटर
हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सुविधाएं
परीक्षण के लिए 15 करोड़ रुपये तक अनुदान
एमएसएमई और स्टार्टअप्स को 30 प्रतिशत तक परीक्षण लागत प्रतिपूर्ति,
महिला उद्यमियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन इस नीति को और समावेशी बनाता है।

Spacetech Policy केवल उद्योग और निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
‘अंतरिक्ष विहार’ स्पेस एक्सप्लोरेशन पार्क
‘मिशन कल्पना’ के माध्यम से स्कूल स्तर पर नवाचार प्रोत्साहन
इसरो के ‘युविका कार्यक्रम’ में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाना,
चयनित विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन,
इससे बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि बढ़ेगी, जो भविष्य में देश के वैज्ञानिक आधार को मजबूत करेगी।

निवेशकों को सिंगल विंडो क्लीयरेंस, ऑनलाइन पंजीयन और सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह पारदर्शी और तेज़ प्रक्रिया निवेशकों के लिए भरोसेमंद वातावरण तैयार करेगी और परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी।

स्पेसटेक नीति- का प्रभाव केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। इसके दूरगामी परिणाम होंगे।
प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन
निवेश में वृद्धि और औद्योगिक विकास
स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा
कृषि, आपदा प्रबंधन और शहरी नियोजन में सैटेलाइट डेटा का उपयोग
प्रदेश की वैश्विक पहचान में वृद्धि,
यह नीति मध्यप्रदेश को एक ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर करेगी।

स्पेसटेक नीति- मध्यप्रदेश के लिए केवल एक नीति नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला एक दूरदर्शी रोडमैप है। यह नीति प्रदेश की पारंपरिक क्षमताओं को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ते हुए उसे अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की क्षमता रखती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में यह पहल राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। यदि नीति का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया, तो आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश न केवल भारत के, बल्कि वैश्विक स्पेसटेक मानचित्र पर एक सशक्त और उभरती हुई ताकत के रूप में स्थापित होगा।

स्पष्ट है कि अब “दिल से देसी, सोच से वैश्विक” के मंत्र के साथ मध्यप्रदेश अंतरिक्ष की ओर अपनी नई उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है।