Indore News: वंदे मातरम विवाद में कांग्रेस की चुप्पी, भाजपा ने इस मुद्दे को राष्ट्रप्रेम से जोड़ा

58

Indore News: वंदे मातरम विवाद में कांग्रेस की चुप्पी, भाजपा ने इस मुद्दे को राष्ट्रप्रेम से जोड़ा

इंदौर: इंदौर के नगर निगम सम्मेलन में वंदे मातरम विवाद का मुद्दा प्रदेशभर में छा गया है। कांग्रेस ने इस मामले में चुप्पी साध ली है और भाजपा लगातार कांग्रेस को घेर रही है। इंदौर के सम्मेलन के मुद्दे पर प्रदेश भर से भाजपा पदाधिकारियों के बयान आ रहे है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की तरफ से कोई बयान नहीं आया। कांग्रेस के दो पार्षदों द्वारा वंदे मातरम नहीं गाए जाने और विवादित बयान देने पर कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा है। कांग्रेस ने दोनों महिला पार्षदों का बचाव नहीं किया।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इंदौर में वंदे मातरम गाने से इनकार करने वाले कांग्रेस पार्षद के मुद्दे पर कहा कि राष्ट्र हर धर्म से ऊपर है और इस प्रकार का व्यवहार देशभक्ति की भावना के विपरीत है। उन्होंने इस घटना को उन शहीदों के अपमान से जोड़कर देखा, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब भी इस भावना से खुद को नहीं जोड़ पाई है।

उनका कहना था कि किसी भी धर्म के नाम पर राष्ट्रीय प्रतीकों से दूरी बनाना उचित नहीं है और यह देश के सम्मान के खिलाफ है।

उधर इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी चुप्पी साध रखी है। छतरपुर दौर में पत्रकारों ने जब उनसे इस मामले में सवाल पूछे तो पटवारी ने हाथ जोड़ लिए और बिना कुछ बोले आगे बढ़ गए। शहर कांग्रेस ने एक पार्षद रुबीना इकबाल खान को निष्कासित करने का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा है, लेकिन उस पर अभी फैसला नहीं हो पाया।