
बड़वानी में जहरीला पानी: फैक्ट्री केमिकल से दूषित हुए जलस्रोत, प्रशासन अलर्ट
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल अनुविभाग अंतर्गत वालझिरी ग्राम पंचायत के टाकली गांव में जल स्रोतों में गंभीर रासायनिक प्रदूषण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद की गई जांच में पानी की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई, जिसके चलते प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाए हैं।
जिला पंचायत बड़वानी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी काजल जावला ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के कार्यपालन यंत्री के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी के नमूने एकत्र किए थे। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में टर्बिडिटी (मटमैलेपन), रंग, स्वाद, गंध और कठोरता (हार्डनेस) जैसे मानक तय सीमा से काफी अधिक पाए गए हैं, जो पानी को पीने योग्य नहीं बनाते।
जांच के आधार पर प्रशासन ने इस प्रदूषण के लिए पास स्थित एक फर्टिलाइजर फैक्ट्री से हो रहे अपशिष्ट (वेस्ट) के रिसाव को मुख्य कारण माना है।
काजल जावला ने बताया कि पानसेमल एसडीएम को संबंधित फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही फैक्ट्री के अपशिष्ट को तत्काल हटाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दूषित पाए गए जल स्रोतों को बंद कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा प्रभावित ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को सुरक्षित पानी मिल सके।
पानसेमल एसडीएम रमेश सिसोदिया ने पुष्टि की कि जिस बोरवेल से दूषित पानी निकल रहा था, उसे बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण और स्थिति के आकलन के लिए पीथमपुर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई जा रही है। साथ ही संबंधित फैक्ट्री को नोटिस जारी कर अपने खर्च पर कचरा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, फैक्ट्री के अपशिष्ट का रिसाव आसपास के जल स्रोतों में पहुंचकर इस प्रदूषण का कारण बना है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की घटना सामने आई थी, जिसके बाद फैक्ट्री संचालक और प्रबंधक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया था।





