इंदौर में 22 अप्रैल को जुटेंगे आधा दर्जन राज्यों के 350 वक्ता,पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर होगी अहम कार्यशाला

45

इंदौर में 22 अप्रैल को जुटेंगे आधा दर्जन राज्यों के 350 वक्ता,पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर होगी अहम कार्यशाला

भोपाल: भाजपा अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत व प्रशिक्षित करने 22 अप्रैल को इंदौर में पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित करने जा रही है। जिसमें भाजपा संगठनात्मक प्रदेशों में शामिल मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र, मुंबई, गोवा, छत्तीसगढ़, दमन-दीव और दादरा- नगर हवेली से करीब 350 चयनित वक्ता भाग लेंगे। इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए दिल्ली से नेता आएंगे।

यह कार्यशाला इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में दिनभर चलेगी, जहां संगठन के विभिन्न स्तरों से आए वक्ताओं को प्रशिक्षण की रूपरेखा, विषय-वस्तु और प्रस्तुतीकरण के तरीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। खास बात यह है कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक संभाग से 12-12 नेताओं का चयन किया गया है, जिनमें प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और सांसद भी शामिल हैं। कार्यशाला में प्रशिक्षित ये वक्ता आगे जिला स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण 1 से 30 मई तक मध्यप्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों में आयोजित किया जाएगा।

कार्यशाला में संगठन के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बना रही है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और प्रशिक्षण की दिशा व रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस कार्यशाला में कुछ समय के लिए शामिल हो सकते हैं। हालांकि कभी उनके शामिल होने पर संशय बना हुआ है।

मुंबई में हुई थी मंडल प्रशिक्षण के लिए कार्यशाला

इससे पहले फरवरी में मुंबई में प्रशिक्षण दिया गया था। यहां पर उन वक्ताओं को बुलाया गया था, जिन्हें मंडल स्तर पर इस महाप्रशिक्षण में जाकर प्रशिक्षण देना था। इंदौर में जो प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वे वक्ता जिलों में जाएंगे।