मध्य प्रदेश में पहली बार भगोड़े को वापस लाने प्रत्यार्पण के लिए प्रस्ताव, 3600 करोड़ रुपये के इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के मास्टर माइंड को वापस लाएगी STF

58

मध्य प्रदेश में पहली बार भगोड़े को वापस लाने प्रत्यार्पण के लिए प्रस्ताव, 3600 करोड़ रुपये के इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के मास्टर माइंड को वापस लाएगी STF

भोपाल. मध्य प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पहली बार किसी भगोड़े अपराधी को पकड़ने के लिए एक्स्ट्रैडिशन (प्रत्यार्पण)के लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है। देश में 3600 करोड़ रुपए का फ्रॉड कर यूएई में छुपे एक आरोपी को पकड़ने के लिए एसटीएफ यह पूरी कवायद कर रहा है। सायबर फ्रॉड के मास्टर माइंड लविश चौधरी उर्फ नवाब को देश वापस लाने के लिए यह प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी मंजूरी मिलते ही यह मास्टर माइंड भी प्रदेश पुलिस के गिरफ्त में होगा। हालांकि पिछले महीने इस आरोपी को लेकर इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। जिस पर भारत सरकार काम कर रही है।

बताया जाता है कि रेड कॉर्नर नोटिस के बाद केंद्र सरकार के स्तर पर उसे दुबई से भारत वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। एक्सट्रैडिशन प्रोटोकॉल के मुताबिक, इस प्रोसेस में जिसमें कथित अपराधों की डिटेल्स जमा करना और उसकी कस्टडी के लिए रिक्वेस्ट करना शामिल है। लविश को भारत वापस लाने में लगभग तीन से चार महीने लग सकते हैं।

STF ने लगभग 400 दस्तावेज तैयार किए हैं जिनमें एफआईआर, केस डायरी और सबूत शामिल हैं। जिनका हिंदी, इंग्लिश और अरबी भाषा में अनुवाद किया गया है। ये सभी दस्तावेज राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं। राज्य सरकार दस्तावेजों की जांच करने के बाद उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भेजेगी। वहां से, उन्हें यूएई सरकार को सौंप दिया जाएगा। विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय दोनों ही यूएई के साथ डिप्लोमैटिक चैनलों और इंटरपोल के जरिए अपने-अपने लेवल पर लगातार फॉलोअप कर रहे हैं।

एसटीएफ को उम्मीद है कि अगर कोई दिक्कत नहीं हुई, तो यूएई की कोर्ट तीन से चार महीने में एक्सट्रैडिशन के लिए मंजूरी दे देगी, जिसके बाद एसटीएफ की एक टीम कस्टडी लेने के लिए दुबई जाएगी।

अब तक 16 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है

फारेक्स ट्रैडिंग के जरिए सायबर फ्रॉड के इस मामले में देश भर से अब तक 16 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है। इस गिरोह ने मध्य प्रदेश सहित हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, गोवा में भी ठगी की है। यह पूरा पैसा लेकर लविश दुबई भाग गया था। इस आरोपी को पकड़ने के लिए प्रदेश के अलावा हिमाचल प्रदेश की पुलिस भी खासी सक्रिय है। मध्य प्रदेश के इंदौर में इसने वारदात को अंजाम दिया था।