
Badwani News: नदी में डूबने से 3 भाई बहनों की मौत
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में नदी में नहाने के दौरान तीन भाई बहनों की मृत्यु हो गई।
सेंधवा के एसडीओपी अजय वाघमारे के अनुसार 10 वर्षीय राधा, 8 वर्षीय राजवीर और 6 वर्षीय जयवीर की डूब जाने के चलते मृत्यु हो गई।

पुलिस के मुताबिक देवली के पवन ब्राह्मणे के तीनों बच्चे अपने मामा के घर बिलवा पनाली आए थे। पवन की बड़ी पुत्री राधिका पहले से यहां पर एक अन्य मामा के घर आयी हुई थी।

बुधवार दोपहर बच्चों ने खाना खाया और अपनी बड़ी बहन राधिका से मिलने की जिद की और चले गए। इसी बीच रास्ते में अनेर नदी में उनकी नहाने की इच्छा की और वह नहाने लगे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वह तैरना जानते थे, लेकिन यहां गहराई ज्यादा होने के चलते डूब गए।
जब काफी देर तक बच्चे नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। वे सबसे पहले राधिका के पास गए जो दूसरे मामा के यहां रह रही थी। उन्होंने बताया कि तीनों बच्चे यहां नहीं आए। इसके बाद शाम नदी के पास उनके कपड़े और जूते चप्पल दिखाई दिए। तीनों के शव बाहर निकाले गए और अस्पताल भेजे गए। घटनाक्रम देख कर मृतक बच्चों के माता-पिता बेहोश हो गए उनका भी उपचार कराया गया।
गुरुवार सुबह बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया ।





