
छतरपुर में एग्जाम देने जा रहीं छात्राओं को कार ने मारी टक्कर, दोनों घायल; एक की हालत ज्यादा गंभीर, हिस्ट्री पेपर छूटा
छतरपुर: शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां कॉलेज एग्जाम देने जा रही दो छात्राएं दुर्घटना का शिकार हो गईं। हादसे में 20 वर्षीय सानिया खान और समीक्षा पाठक घायल हो गईं। दोनों छात्राएं छतरपुर के गवर्नमेंट गर्ल्स पीजी कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर की छात्राएं हैं और आज उनका हिस्ट्री का पेपर था।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं अपने गांव लखनगुवां से इलेक्ट्रिक स्कूटी से कॉलेज के लिए निकली थीं। इसी दौरान जब वे छतरपुर शहर के गुरैया तिराहे के पास सटई रोड पर पहुंचीं, तभी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, समीक्षा पाठक को ज्यादा चोटें आई हैं, जबकि सानिया खान को हल्की चोटें लगी हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे के चलते दोनों छात्राएं अपने महत्वपूर्ण हिस्ट्री के एग्जाम से वंचित रह गईं, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी असर पड़ सकता है। परिजनों का कहना है कि छात्राएं समय पर परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन लापरवाही से वाहन चला रहे कार चालक ने उनकी जिंदगी को खतरे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।





