नशे के अवैध करोबार पर पुलिस का जीरो टॉलरेंस, 7 दिनों में डेढ़ करोड़ की अवैध शराब जब्त

71

नशे के अवैध करोबार पर पुलिस का जीरो टॉलरेंस, 7 दिनों में डेढ़ करोड़ की अवैध शराब जब्त

भोपाल: प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार चल रहा है। डीजीपी कैलाश मकवाना की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए सात दिनों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अलग-अलग जिलों में हुई इन कार्रवाईयों में एक करोड़ 66 लाख रुपए की शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

उज्जैन पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 44 पेटी शराब, 2 लग्जरी वाहन एवं फर्जी नंबर प्लेट सहित लगभग 50 लाख रूपए की संपत्ति जप्त कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शिवपुरी पुलिस ने कोलारस थाना क्षेत्र में 25 पेटी शराब एवं बलेनो कार सहित 11 लाख 25 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है। थाना मायापुर पुलिस ने 20 पेटी अवैध शराब (180 लीटर) एक स्कॉर्पियो वाहन सहित कुल 11 लाख रुपये की संपत्ति जब्?त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

इस प्रकार संपूर्ण कार्यवाही में शिवपुरी पुलिस ने 32 लाख 26 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है। डिण्डौरी पुलिस ने 101 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं बलेनो कार सहित लगभग 12 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है।

दतिया के थाना सिविल लाइन पुलिस ने अल्टो कार से 30 पेटी देशी शराब (270 लीटर) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। कटनी जिले में 86 लीटर अवैध शराब के साथ करीब 75 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई। वहीं थाना कैमोर पुलिस ने ग्राम जमुवानी कला में दबिश देकर 14 पेटी (126 लीटर) शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 72 हजार रुपए है।

गौरतलब है कि डीजीपी ने कुछ दिन पहले नशे के अवैध करोबार पर जीरो टॉरलेंस नीति अपनाने के निर्देश सभी पुलिस अधीक्षकों को दिए हैं। इसके तहत प्रदेश के अधिकांश जिलों में लगातार कार्रवाईयां चल रही है, हालांकि अब कुछ जिलों में उल्लेखनीय कार्रवाई सामने नहीं आई है। जबकि प्रदेश के कुछ जिलों नशे के अवैध करोबार के लिए जाने जाते हैं।