
बैरसिया में टाइगर मूवमेंट से अलर्ट, 3 दिन से वन विभाग पुष्टि करने में ही लगा …
भोपाल। राजधानी के बैरसिया क्षेत्र में बाघ की सक्रियता बढ़ने से वन विभाग हाई अलर्ट पर है। कड़ेया और मुगालिया कोट जैसे गांवों में मवेशियों के शिकार के बाद पगमार्क सर्चिंग तेज कर दी गई है। ग्रामीणों को शाम के बाद घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। हालत यह है कि टाइगर के मूवमेंट से 7 गांवों के लोग दहशत में हैं। पिछले 10 दिनों में टाइगर 5 गाय और भैंसों का शिकार कर चुका है। इस वजह से लोगों ने रात में रास्ता बदल लिया है।
हलाली नदी के पास मूवमेंट
कनेरा गांव और उससे जुड़े करोंदखुर्द, कड़ैया, छापर, अगरिया, मुगालिया कोट और चांचड़ में टाइगर का मूवमेंट देखा गया है। हलाली नदी के किनारे टाइगर का मूवमेंट लगातार नजर आ रहा है। करीब 10 दिन पहले कनेरा में सबसे पहले टाइगर दिखाई दिया था। वहीं, कल की रात उसने एक और गाय का शिकार किया था। यहां पर भी दो ट्रैप कैमरे लगाये गये हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि टाइगर रात में ही शिकार कर रहा है। इस वजह से किसानों ने रात में खेतों में जाना बंद कर दिया है। वन विभाग के रेंजर शिवपाल पिपरदे का कहना है कि पूरे एरिया में अलर्ट जारी कर दिया गया है और उसके पगमार्क की जांच की जा रही है। वहां पर उसकी सर्चिंग के लिये ड्रोन और ट्रैप कैमरों का भी सहारा लिया जा रहा है।





