NEET-UG-2026: परीक्षा पर चर्चा बहुत हुई, पेपर माफिया पर बुलडोज़र का प्रहार कब?

92

NEET-UG-2026: परीक्षा पर चर्चा बहुत हुई, पेपर माफिया पर बुलडोज़र का प्रहार कब?

रंजन श्रीवास्तव

3 मई 2026 को जब देशभर के 5000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर और विदेश में 14 केंद्रों पर नीट-यूजी (NEET-UG नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट), 2026 के 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार अपना टेस्ट देकर बाहर निकले तो उनके चेहरे पर एक राहत थी कि चलो उनकी साल भर की मेहनत सार्थक हुई और अब टेस्ट के रिजल्ट का इंतजार रहेगा.

उनके पैरेंट्स भी इस आशा के साथ अपने बच्चों के परीक्षा केंद्रों पर घंटों खड़े रहे कि उनके बच्चों को इस टेस्ट की बदौलत देश के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिल सकता है और करियर हमेशा के लिए बन जाएगा.

WhatsApp Image 2026 05 12 at 16.39.32

पर बच्चों की और उनके पैरेंट्स की खुशी या राहत सिर्फ कुछ दिनों के बाद ही छीन गई और यह खुशी छीनने वाला था देश का वह माफिया तंत्र जो कि परीक्षा तंत्र को अपने कब्जे में लिए हुए है और बेखौफ अपने संगठित अपराध से हर वर्ष लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहा है.

ऐसा नहीं कि इस बार भी पेपर लीक की आशंका नहीं थी. पेपर लीक के बारे में खुसफुसाहट तो 3 मई के पहले ही शुरू हो गई थी जब छात्रों को सोशल मीडिया से पता चला कि देश के कुछ हिस्सों में नीट-यूजी 2026 का पेपर 30 हजार से लेकर 5 लाख रुपये में उपलब्ध है.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी, जो इस टेस्ट को आयोजित करने के लिए जिम्मेदार है, 3 मई के पहले से ही अपनी पीठ ठोंकने में व्यस्त थी. देश के शिक्षा मंत्री भी अपनी पीठ ठोंकने में व्यस्त थे. सरकार पांच राज्यों के चुनाव में व्यस्त थी.

अगर पिछले वर्षों में हुए पेपर लीक की घटनाओं से केंद्र सरकार, विशेषकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी सचेत होते तो पेपर लीक की सूचना आते ही उस पर एक्शन ले लिए होते, पर ऐसा हुआ नहीं.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और शिक्षा मंत्री को अच्छी तरह से पता है कि हर एक-दो वर्ष के अंतराल पर नीट का पेपर लीक होता है. ये तो वो पेपर लीक हैं जो जांच एजेंसियों के संज्ञान में आये. यह भी संभव है कि माफिया ने इस तरीके से काम किया हो कि कुछ वर्षों में हुए पेपर लीक की सूचना जांच एजेंसियों तक पहुंची भी ना हो.

पर टेस्ट के पहले, टेस्ट के दौरान और उसके बाद भी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी इस बात के दावे करती रही कि टेस्ट फुलप्रूफ है और किसी भी तरह की किसी गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है.

पर एक बार फिर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी गलत साबित हुई और लाखों छात्रों के भविष्य पर एक बार फिर प्रश्नचिह्न लग गया.

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच ने खुलासा किया कि नीट 2026 की परीक्षा से पहले ही वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप्स पर करीब 410 सवालों का एक सेट घूम रहा था. इनमें से 120 से ज्यादा सवाल असली पेपर से हूबहू मिलते थे. एसओजी के अनुसार जांच में यह सामने आया कि पेपर राजस्थान पहुंचने से पहले हरियाणा के रास्ते महाराष्ट्र के नासिक से आया था.

अगर पिछले वर्षों के नीट-यूजी पेपर लीक की बात करें तो सिर्फ दो वर्ष पहले 2024 में भी पेपर लीक हुआ था. तब बिहार और गुजरात में पेपर माफिया का नेटवर्क उजागर हुआ था. सीबीआई की जांच में सामने आया कि पेपर लीक की जड़ झारखंड के हजारीबाग से थी. पता चला कि पेपर लीक माफिया तो 2010 से ही ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करवाने का धंधा चला रहा था.

पेपर लीक माफिया बेहद संगठित गिरोह का तंत्र है, जिस पर बिना परीक्षा तंत्र में शामिल कुछ जिम्मेदार अधिकारियों के वरदहस्त के वह सफल नहीं हो सकता. बताते हैं कि पेपर प्रिंटिंग प्रेस में जाने से लेकर उसके परिवहन तथा परीक्षा केंद्रों पर पेपर के सीलबंद पैकेट खुलने तक हर कदम पर भ्रष्टाचार की एक कड़ी मौजूद है.

यह कहने की बात नहीं है कि नीट-यूजी देश की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है. 2024 में 24 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी और एमबीबीएस (MBBS) की सीटें थीं लगभग एक लाख. 2026 में छात्रों की संख्या बाईस लाख पचहत्तर हजार से ज्यादा थी.

इतने बच्चे, इतने परिवार, सालों की पढ़ाई, लाखों रुपये की कोचिंग, तनाव, चिंता और परिवार तथा स्वयं की आशाओं का मन और मस्तिष्क पर दबाव झेलते हुए अनगिनत रातों की नींद गंवाकर उस एक दिन का इंतजार करते हैं जब उनकी मेहनत सार्थक होगी और वे अपने तथा देश के भविष्य का निर्माण करेंगे. पर जब उन्हें यह पता चलता है कि देश का परीक्षा तंत्र ना सिर्फ नाकारा है बल्कि उसमें बैठे कुछ लोगों के लालच, निष्क्रियता या उनकी अक्षमता के कारण माफिया तंत्र ने पूरे एग्जाम को ही हाईजैक कर लिया, तो उनके तथा उनके पैरेंट्स के मन में क्या निराशा होती होगी, उसका अनुमान कोई भी व्यक्ति लगा सकता है.

देश में लोकसभा चुनावों के इतर भी हर वर्ष किसी न किसी राज्य में चुनाव होते हैं. ना सिर्फ सत्ता पक्ष, पूरी सरकार तथा विपक्ष इन चुनावों को एक परीक्षा की तरह लेता है और उसमें ऐसे भाग लेता है जैसे यह उनके जीवन और मरण का प्रश्न हो.

सत्ता पक्ष एक बार फिर फ्लाइंग कलर्स के साथ एक और परीक्षा में सफल रहा, पर वे युवा, जिन्हें भविष्य के सपने दिखाकर इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की गई, एक बार फिर हताश और निराश हैं. उसका मन टूटा हुआ है और वे जानना चाहते हैं कि क्या उसके हिस्से में सिर्फ परीक्षा पर चर्चा ही है और माफिया हर वर्ष अपनी परीक्षा में ऐसे ही बेखौफ सफल होता रहेगा.