डीजल नहीं तो जान ले लेंगे.. स्कॉर्पियो सवार युवकों का पेट्रोल पंप पर आतंक, कार से कुचलने की कोशिश

34

डीजल नहीं तो जान ले लेंगे.. स्कॉर्पियो सवार युवकों का पेट्रोल पंप पर आतंक, कार से कुचलने की कोशिश

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर-महू जामगेट रोड स्थित सोमखेड़ी पेट्रोल पंप पर दबंगई और गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया। यूपी नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार तीन युवकों ने डीजल नहीं मिलने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट की और बाद में उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास कर मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, एक काली स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर पहुंची। वाहन चालक ने डीजल भरवाने की मांग की। इस पर पंप कर्मचारी ने बताया कि पंप पर डीजल समाप्त हो चुका है और फिलहाल उपलब्ध नहीं है। आरोप है कि यह सुनते ही स्कॉर्पियो सवार युवक भड़क गए और गुस्से में कर्मचारी को अपने पास बुलाकर थप्पड़ मारने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में वाहन में बैठे अन्य युवक भी नीचे उतर आए और तीनों ने मिलकर कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारी और ग्राहक घबरा गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने स्कॉर्पियो कर्मचारियों की ओर दौड़ा दी। कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो सवार युवकों की दबंगई और कर्मचारियों में मची भगदड़ साफ दिखाई दे रही है।

घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने संचालक को सूचना दी। इसके बाद संचालक मंडलेश्वर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और घंटों इंतजार के बाद FIR दर्ज की गई। 13 मई की घटना की FIR 14 मई की देर रात्रि दर्ज की गई.

मंडलेश्वर के थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश रजिस्ट्रेशन नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी डीलर के मार्फत धार के संदीप चौहान नामक व्यक्ति को बेची गई थी.