महेश केवट होंगे MP से BJP के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार, दिल्ली में हुई अधिकृत घोषणा, कांग्रेस खेमे में खलबली

90

महेश केवट होंगे MP से BJP के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार, दिल्ली में हुई अधिकृत घोषणा, कांग्रेस खेमे में खलबली

भोपाल: मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट MP से BJP के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार होंगे। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय दिल्ली में कल रात इसकी अधिकृत घोषणा की गई।

मध्य प्रदेश बीजेपी ने राज्यसभा के लिए तीसरे उम्मीदवार की घोषणा करते हुए कांग्रेस खेमे में खलबली मचा दी है. रविवार देर रात तक मुख्यमंत्री निवास पर राज्यसभा को लेकर चली बैठक के बाद ये फैसला लिया गया है. बीजेपी ने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट के नाम की घोषणा कर दी है. महेश केवट के नाम की घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए निर्विरोध निर्वाचन नहीं बल्कि चुनाव होगा.

IMG 20260608 WA0003

देर रात सीएम हाउस में राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर मंत्रणा होती रही. इस दौरान ओबीसी, एससी-एसटी और आदिवासी वर्ग के नामों पर भी विचार किया गया लेकिन अंत में पिछड़ा वर्ग से आने वाले महेश केवट के नाम पर सहमति बन गई. महेश केवट वर्तमान में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हैं. उनके नाम की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश में पॉलिटिकल ड्रामा निश्चित है क्योंकि कांग्रेस के पास राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए तय मतों से अतिरिक्त विधायक तो हैं, पर कुछ विधायकों को लेकर कांग्रेस संशय में है.

दरअसल, मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट पर बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार की घोषणा के बाद कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन की राह कुछ मुश्किल नजर आ रही है. उन्हें राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस के पास चार विधायक ही अतिरिक्त हैं. राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए प्रथम प्राथमिकता वाले 58 मतों की जरूरत होती है. कांग्रेस के विधायक तो 64 हैं, मगर श्योपुर के विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर हाईकोर्ट की रोक है और सागर जिले की बीना सीट से विधायक निर्मला सप्रे को लेकर कांग्रेस पहले ही कह चुकी है कि वे बीजेपी के साथ हैं.

यहीं पर पॉलिटिकल ड्रामा देखने को मिल सकता है. क्योंकि की निर्मला सप्रे और भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश डोडियार के मतों को मिलाकर बीजेपी के पास अतिरिक्त मत 50 हो जाएंगे और तीसरी राज्यसभा सीट जीतने के लिए उसे सिर्फ 8 वोटों की जरूत होगी, कांग्रेस को डर है कि बीजेपी कांग्रेसे खेमे में सेंध लगा सकती है.

बीजेपी को राज्यसभा की तीसरी सीट जीतने के लिए 8 वोटों की जरूत होगी, इसके लिए बीजेपी ने तैयारियां भी जोरों पर की है. यही वजह है कि कांग्रेस खेमे में खलबली मची हुई है. मध्य प्रदेश कांग्रेस अपने विधायकों की बाड़बंदी कर सकती है और राज्यसभा चुनावों तक उन्हें किसी अन्य राज्य में शिफ्ट भी कर सकती है. हालांकि, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा करते हुए कहा, ” कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा चुनाव में किसी तरह की क्रॉस वोटिंग या असंतोष की स्थिति नहीं है. कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन राज्यसभा जाएंगी.”

*कौन हैं बीजेपी के महेश केवट?* 

बीजेपी नेता महेश केवट मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिला (ओरछा) से आते हैं. वे वर्तमान में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हैं, उन्हें हाल ही में 6 मई को बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था. वे बीजेपी में पूर्व जिला उपाध्यक्ष टीकमगढ़, पूर्व जिला मंत्री टीकमगढ़ और पूर्व राष्टीय कार्यसमिति सदस्य भी रह चुके हैं.