घटिया निमार्ण पर 8 ठेकेदार ब्लैकलिस्टेड, 29 कार्यो में सुधार के निर्देश

157

घटिया निमार्ण पर 8 ठेकेदार ब्लैकलिस्टेड, 29 कार्यो में सुधार के निर्देश

भोपाल: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर प्रदेशभर में कराए जा रहे निर्माण कार्यो के औचक निरीक्षण में इस बार आठ निर्माण एजेंसियों ठेकेदारों द्वारा गुणवत्ताहीन काम किए जाने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया गया है और 29 निर्माण कार्यो में पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत मुख्य अभियंताओं के सात विशेष निरीक्षण दलों द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में निमार्णाधीन एवं पूर्ण हो चुके कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण रायसेन, सिवनी, दतिया, बड़वानी, शहडोल, रतलाम एवं पन्ना जिलों में किया गया, जिसमें कुल 35 निर्माण कार्यों का रेंडम आधार पर चयन कर उनकी गुणवत्ता, प्रगति, तकनीकी मानकों एवं रखरखाव की स्थिति का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण दलों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के एमडी भरत यादव, की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में की गई। बैठक में प्रमुख अभियंता के.पी.एस. राणा, प्रमुख अभियंता ,एस.आर. बघेल,अजय श्रीवास्तव, तकनीकी सलाहकार आर.के. मेहरा उपस्थित रहे।

एमडी यादव ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की तकनीकी लापरवाही, निम्न गुणवत्ता अथवा अनुबंधीय शर्तों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आठ निर्माण एजेंसियों को किया ब्लैकलिस्ट-

शहडोल जिले में भामौरी से पटना सड़क मार्ग के कार्य में गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स आशीष गुप्ता को मुख्य अभियंता रीवा परिक्षेत्र द्वारा कालीसूची (ब्लैकलिस्ट) में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पन्ना जिले में करिया से महोद खुर्द मार्ग के निर्माण कार्य की गुणवत्ता असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी मेसर्स आर.के. ट्रेडर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, पन्ना को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार करिया से महोदकला सड़क निर्माण कार्य में गंभीर कमियां पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री को नोटिस जारी करने तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स कुमार कंस्ट्रक्शन कंपनी, छतरपुर को कालीसूची में डालने के निर्देश दिए गए। पन्ना जिले में ही मोहेंद्र-गोलही-पलोही मार्ग, जो परफॉर्मेंस गारंटी अवधि के अंतर्गत है, उसकी स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निर्माण एजेंसी मेसर्स आर.एस. इन्फ्रा, सतना के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रायसेन जिले में एसएच-15 से बासा-धामनपानी-कुचवाड़ा-किटुआ मार्ग के निर्माण कार्य में गंभीर तकनीकी कमियां पाए जाने पर निर्माण एजेंसी मेसर्स जगदीप सिंह एंड कंपनी, उत्तर प्रदेश के विरुद्ध कालीसूची की कार्रवाई करने को कहा गया। इसी जिले में अमरावद-चांदपुरा-भिश्ती से मोकलवाड़ा-पालका-श्री मार्ग की सात किलोमीटर लंबी सड़क, जो परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है, की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर वर्तमान एवं तत्कालीन अधिकारियों को नोटिस जारी करने तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स चौधरी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स, भोपाल को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।* रायसेन जिले के गैरतगंज स्थित विश्राम गृह निर्माण कार्य के निरीक्षण में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाए जाने पर निर्माण एजेंसी मेसर्स शशि कंस्ट्रक्शन कंपनी, मुरैना को कालीसूची में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। सिवनी जिले में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा निमार्णाधीन गवर्नमेंट एक्सीलेंस हायर सेकेंडरी स्कूल, धनोरा के कार्य में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। समीक्षा बैठक में संबंधित वर्तमान एवं तत्कालीन अधिकारियों को नोटिस जारी करने, परियोजना से जुड़े कंसल्टेंट आईक्यूटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स बी.आर. गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, इंदौर को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।

कमियां मिली तो 29 कार्यों में सुधार करने के निर्देश

कुल 29 कार्यों मिली कमियों पर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में एमडी भरत यादव ने कहा कि आगामी निरीक्षणों में इन कार्यों की पुन: जांच की जाएगी तथा यदि कमियों का निराकरण नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।