
राज्य सरकार आज फिर खुले बाजार से दो चरणों में उठाएगी 18 सौ करोड़ का कर्ज
भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार एक बार फिर दस जून को दो चरणों में खुले बाजार से अठारह सौ करोड़ रुपए का कर्ज लेगी।
पहला कर्ज बारह सौ करोड़ रुपए का होगा इसकी अदायगी 15 अप्रैल 2042 को सोलह वर्ष में की जाएगी। दूसरा कर्ज छह सौ करोड़ रुपए का होगा इसकी अदायगी 15 अप्रैल 2056 को तीस वर्ष में की जाएगी। इन कर्ज को लेने के लिए रिजर्व बैंक आफ इंडिया के मुंंबई फोर्ट आफिस के जरिए आनलाईन इंडिया कोर बैंकिंग साल्यूशन ई कुबेर सिस्टम के जरिए नौ जून को प्रस्ताव बुलाए गए है। इन्हें कल दस जून को खोला जाएगा इसके बाद मध्यप्रदेश सरकार यह कर्ज उठाएगी। सोलह सौ करोड़ रुपए के कर्ज पर राज्य सरकार 7.86 प्रतिशत ब्याज अदा करेगी। जो छह सौ करोड़ रुपए का कर्ज है उस पर 7.90 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जाएगा।
इस समय मध्यप्रदेश सरकार पर चार लाख 88 हजार 714 करोड़ 17 लाख रुपए का कर्ज है। इसमें बाजार से लिया गया कर्ज 3 लाख 33 हजार 278 करोड़ रुपए का है। पावर बांड से 4 हजार 416 कोड़, वित्तीय संस्थाओं से 17 हजार 737 करोड़, केन्द्र से लोन और एडवांस के रूप में 81 हजार 152 करोड़, बचत योजना से 38 हजार 178 करोड़ रुपए लिये गए है। अन्य देयताएं 13 हजार 951 करोड़ रुपए है।





