
Weather Update: MP में 20-21 जून से छाएगा मानसून, बंगाल की खाड़ी में मानसून का जबरदस्त आलम, दक्षिण राज्यों में होगी भारी बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
दक्षिण राज्यों में मानसून छाया हुआ है। आज तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडू, केरल और कर्नाटक में कई स्थानों पर भारी बारिश का अंदेशा है। बंगाल की खाड़ी से बादलों का जूनून-ए-जोश उत्तर -पूर्व के बादलों से गुलज़ार हो रहा है। अगले 24 घंटों में दक्षिण राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला चल सकता है।
उत्तर भारत में आज पश्चिमी विक्षोभ का एक झोंका कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश को भिगोएगा। साथ ही बादलों की लय उत्तर से उत्तर पूर्व (हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार से पूर्वी राज्यों की ओर तो दूसरी छग, झारखंड, उड़ीसा) और दक्षिण राज्यों में जा मिल रही है।
मध्य प्रदेश में अब 20-21 जून से मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। आज दक्षिण- पश्चिम में बादलों की घुसपैठ गुजरात, राजस्थान के बीच से हुई है इसलिए इंदौर, नीमच, रतलाम, झाबुआ, धार, पीथमपुर, महू, उज्जैन, देवास, नागदा आदि तक बादल फैले नजर आयेंगे। प्रदेश में मानसूनी बारिश की एक संभावना 15 जून से मध्य और पूर्वी क्षेत्र में भी हो सकती है। हवाओं से इंदौर सहित पश्चिमी भाग में अब अधिकतम तापमान में गिरावट आना भी शुरू हो सकती है।





