
दिल्ली में 20 लाख रुपये के सोने की चोरी के मामले में बड़वानी के 3 आरोपी गिरफ्तार
बड़वानी: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली में एक मकान से करीब 20 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरला थाना क्षेत्र के सुरेंद्र सिंह करनाला, पलसूद निवासी अकाल सिंह टकराना और नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के ओझर निवासी प्रकाश सिंह पटवा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी सिकलीगर समुदाय के हैं।
उन्होंने बताया कि 18 जून को दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक मकान से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली पुलिस को आरोपियों के बड़वानी जिले के वरला और पलसूद क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम बड़वानी पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया गया।
शुक्ला ने बताया कि 24 जून को आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे। इसके बाद मिली सटीक सूचना के आधार पर 25 जून को वरला थाना क्षेत्र के उमरठी गांव में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12.5 तोला सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद कर लिए हैं। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपियों और बरामद आभूषणों को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने कहा कि सिकलीगर समुदाय के कुछ अपराधी, जो परंपरागत रूप से हथियार निर्माण तथा ताला-चाबी बनाने और सुधारने का काम जानते हैं, अब इस तकनीकी दक्षता का उपयोग कर बड़ी चोरी की वारदातों को भी अंजाम दे रहे हैं। मामले की आगे की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।





