
Weather Update: MP में मानसून अब उत्तर-पूर्व से, इस सप्ताह भारी बारिश, इंदौर, भोपाल, जबलपुर संभाग में आज शाम बारिश की सम्भावना
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून उत्तर -पूर्व दिशा से आएगा। बिहार, असम, अरुणाचल से बादलों का मोड़ झारखण्ड, बंगाल होते हुए मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा। इससे अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री गिरावट आएगी।
मध्य प्रदेश में अभी उत्तरी भाग ग्वालियर आदि में मानसून कमज़ोर है लेकिन अगले 48 से 72 घंटों में ग्वालियर बेल्ट में भी मानसून बरसाने लगेगा। प्रदेश में दोपहर बाद मौसम बदल रहा है जब बादलों की जमावट होने लगती है। आज भी इंदौर, भोपाल, जबलपुर संभाग में बारिश की सम्भावना शाम से रहेगी।
उत्तर भारत में पश्चिमी दिशा में पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ के बादल चक्राकार अवस्था में चल रहे हैं। इससे जम्मू कश्मीर से बादलों का प्रवेश हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, यूपी से पूर्वी राज्यों की ओर चल रहा है। हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान में भी आंशिक असर है। अगले दो दिन में दिल्ली में भी बारिश की सम्भावना है जिससे तापमान में कमी आने लगेगी। महाराष्ट्र के पश्चिमी भाग मुंबई, पुणे आदि में गरज के साथ बारिश होगी।
गुजरात में अगले दो दिन में बारिश हो सकती है। यहाँ मध्य प्रदेश से मानसून का लाभ मिलेगा। दक्षिण राज्यों में तेलंगाना, आंध्रा, कर्णाटक सहित पश्चिमी समुद्री इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। भारी बारिश आज बिहार, असम सिक्किम, अरुणाचल, मेघालय में हो सकती है।





