WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

एक साल पहले तेंदुए को मात देने वाली ‘डेज़ी’ इस बार नहीं बच सकी, CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला हमला

एक साल पहले तेंदुए को मात देने वाली ‘डेज़ी’ इस बार नहीं बच सकी, CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला हमला

 

खरगोन। खरगोन जिले के बड़वाह के पास स्थित एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर प्लांट में शनिवार तड़के तेंदुए ने छह वर्षीय पालतू डॉबरमैन फीमेल डॉग ‘डेज़ी’ को अपना शिकार बना लिया। खास बात यह है कि यही डेज़ी सितंबर 2025 में इसी प्लांट पर हुए तेंदुए के हमले से किसी तरह बच निकली थी, लेकिन इस बार वह शिकारी के चंगुल से नहीं निकल सकी।

घटना शुक्रवार शनिवार दरमियानी रात 2 बजे की है, जब जंगल से निकलकर तेंदुआ प्लांट परिसर में घुस आया। सीसीटीवी फुटेज में वह सीधे डेज़ी पर झपटता दिखाई देता है और कुछ ही सेकंड में उसे जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर ले जाता है।

प्लांट संचालक अमन पवार ने बताया कि सुबह डेज़ी के गायब होने पर कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो पूरी घटना सामने आई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने रविवार शाम तक आसपास के जंगल में तलाश की, लेकिन डेज़ी का कोई पता नहीं चला।

अमन पवार के मुताबिक, 15 सितंबर 2025 को भी रात के समय एक तेंदुआ प्लांट में घुस आया था और डेज़ी पर हमला किया था। उस समय वह किसी तरह बचकर भाग निकली थी। करीब 15 घंटे बाद वह घायल अवस्था में मिली थी और उसका उपचार कराया गया था। लेकिन इस बार तेंदुआ उसे उठाकर ले गया।

वन अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह तेंदुआ डेज़ी को गर्दन से दबाकर ले गया, उसे देखते हुए उसके जीवित बचने की संभावना लगभग नहीं है।

IMG 20260629 WA0013

लगातार दूसरी बार प्लांट परिसर तक तेंदुए के पहुंचने से कर्मचारियों और आसपास के गांवों के लोगों में दहशत है। वन विभाग ने लोगों को रात में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, जंगल से लगे क्षेत्रों में अकेले आवाजाही से बचने और पालतू पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखने की सलाह दी है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।