WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

बांधवगढ़ में घायल टाइगर का उपचार कर जंगल में छोड़ा

बांधवगढ़ में घायल टाइगर का उपचार कर जंगल में छोड़ा

गणेश पांडे की रिपोर्ट 

भोपाल। बांधवगढ़ में टेरिटोरियल फाइट में घायल टाइगर का रविवार की सुबह बाघ को ट्रांकुलाइज कर उपचार कर आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा परीक्षण हेतु ब्लड सैंपल एकत्र किया गया। उपचार उपरांत बाघ को मौके पर ही वनक्षेत्र में सुरक्षित रिलीज किया गया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र पनपथा बफर की बीट बिरुहली में टाइगर की टेरिटोरियल फाइट हो गया था। उसके पैर में गंभीर चोट थी, जिसकी वजह से वह एक महीने से लगड़ा कर चल रहा था। इसकी सूचना गाइड और ड्राइवर ने पर्यटन अधिकारी अंकित सोनी और पंपदा रेंजर विजेंद्र श्रीवास्तव को दी किंतु दोनों ही अधिकारियों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। जब घायल टाइगर की लंगड़ाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तब फिर डायरेक्टर डॉक्टर अनुपम सहाय ने गंभीरता से लिया और गश्ती दल को घायल टाइगर पर शनिवार को निगरानी करने के निर्देश दिए।

गश्ती दल द्वारा नर बाघ जिसकी आयु लगभग 3 वर्ष अनुमानित है, के एक पैर में चोट की सूचना दी गई थी। सूचना उपरांत घायल बाघ की हाथियों एवं गश्ती दल द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी।

क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ के निर्देशन एवं उपसंचालक बांधवगढ़ के मार्गदर्शन में शनिवार को वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी बांधवगढ़ एवं टीम तथा टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के श्रमिकों द्वारा घायल बाघ की ट्रैकिंग की गई। सम्पूर्ण कार्यवाही के दौरान वरिष्ठ अधिकारी यथा उपसंचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, सहायक संचालक ताला, वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी पनपथा बफर ,टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स श्रमिक एवं अन्य वन अमला उपस्थित रहा। उपचार किए गए बाघ की सतत निगरानी श्याम और लक्ष्मण हाथियों तथा वन अमले द्वारा की जा रही है। त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में डॉ राजेश तोमर वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।