
Corruption:मेरठ में दारोगा 50 किलो अनार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई
मेरठ के गंगानगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद को एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इनका रिश्वत लेने का कोडवर्ड एक किलो अनार मतलब एक हजार रुपए था। इन्होंने फर्जी मुकदमे से नाम हटाने के लिए 50 किलो अनार मांगे थे और फिर पीड़ित से पहली किश्त 20 किलो अनार की ले रहे थे लेकिन एंटी करप्शन टीम ने इन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया।
मेरठ। एंटी करप्शन टीम ने गंगानगर थाने में तैनात दारोगा को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
1993 बैच के दारोगा प्रकाश चंद मेरठ के गंगानगर थाने में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि एक मुकदमे में विवेचना से नाम निकालने के नाम पर प्रकाश चंद ने दो लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। एंटी करप्शन टीम ने पुलिस लाइन के गेट नंबर तीन से दारोगा को 20000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
दारोगा ने रिश्वत की रकम लेने के लिए पीड़ित को पुलिस लाइन के गेट नंबर 3 पर बुलाया था। वहां पहले से ही एंटी करप्शन की टीम खड़ी हुई थी। टीम रंगेहाथ दारोगा को गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने ले गई। टीम ने आरोपित दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामले की आगे की जांच जारी है।





