
Weather Update: जम्मू कश्मीर में भारी बारिश, MP में ग्वालियर,इंदौर, भोपाल सहित अनेक जिलों में बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज जम्मू कश्मीर से दो चैनल से बादलों का बहाव है जिसमें एक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से यूपी की ओर तो दूसरी हरियाणा से मध्य प्रदेश की ओर चल रही है। वहीं उत्तर -पूर्व से मानसून का असर उड़ीसा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और दक्षिण में तेलंगाना व आंध्रा में आज भारी बारिश कर सकती है। दक्षिण पश्चिम के सभी समुद्री राज्यों के किनारों (मुंबई आदि) पर भी तेज वर्षा संभावित है।
मध्य प्रदेश में आज उत्तरी हवाओं का दबाव बढ़ने से पूर्वी हवाओं कमजोर रहेंगी। उत्तरी हवाओं के असर से बादलों का सफर ग्वालियर, शिवपुरी, गुना होकर भोपाल, इंदौर तक रहेगा। ग्वालियर में आज से अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट भी आएगी।
इधर इंदौर की अपेक्षाकृत महू और निमाड़ में कल फिर अच्छी बारिश हुई है, लेकिन इंदौर को दो दिनों से बादलों के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं मिल पा रही है। आज भी वही स्थिति रह सकती है और दोपहर बाद उम्मीद जाग सकती है। आज धूप भी खिल सकती है। लेकिन अगले 48 घंटों में अच्छी और तेज बारिश की संभावना भी रहेगी।
*नए चक्रवात से बंगाल की खाड़ी को फायदा*
फिलीपींस के समुद्र में दो बड़े चक्रवात के खत्म होने के बाद नया चक्रवात फिलीपींस से वियतनाम की ओर बढ़ रहा है। अभी यह पूर्ण आकार में नहीं है लेकिन अगले 24 से 48 घंटों में इसे निश्चित आकार और दिशा मिलने की संभावना है। बहरहाल इससे बादलों का बहाव बंगाल की खाड़ी में जाकर मानसून को मजबूत कर सकता है।





