कमलनाथ की बैठक के बाद अजय विंध्य में और अरुण बुंदेलखंड में हुए सक्रिय

804

भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव 2023 लड़ने को लेकर एक मत हुए प्रदेश कांग्रेस के नेता आज से ही अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। खासकर ऐसे दो नेता नाथ के यहां हुई अहम बैठक के अगले ही दिन सक्रिय हो गए जिन्होंने पिछले महीने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

नाथ के यहां पर सोमवार को दिग्गज नेताओं की हुई बैठक में तय होती ही पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह अपने क्षेत्र में और सक्रिय होने जा रहे हैं। वे रात में ही सतना के लिए रवाना हो गए थे, वे आज यहां पर कार्यकर्ताओं के साथ ही अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे।

वहीं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव बुधवार से बुंदेलखड़ में सक्रिय होने जा रहे हैं। वे बुधवार को दतिया, सेवढ़ा, रतनगढ़ से होते हुए ओरछा, पृथ्वीपुर, टीकमगढ़ आदि जगहों पर सक्रिय रहेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि अरुण यादव को अब प्रदेश के उन सभी हिस्सों में सक्रिय किया जाएगा जो क्षेत्र यादव बाहुल्य हैं। बताया जाता है कि कुछ दिनों बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी प्रदेश में सक्रिय होंगे और वे लगातार दौरे करेंगे।

दोनों नाराज नेता माने
माना जा रहा था कि अजय सिंह और अरुण यादव की नाराजगी कमलनाथ से थी, लेकिन अब दोनों ही नेताओं की नाराजगी खत्म हो गई है। दोनों ही नेताओं को पार्टी में अब उनके कद अनुसार महत्व दिया जाएगा। गौरतलब है कि जब अरुण यादव प्रदेश अध्यक्ष थे और अजय सिंह नेता प्रतिपक्ष थे, तब दोनों की जोड़ी एक होकर प्रदेश में दौरा करती थी।