Fraud Investment : निवेश पर दोगुना लाभ का झांसा देकर 23 लाख की ठगी

जयपुर और महाराष्ट्र के जालसाजों पर प्रकरण

820

Indore : एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को उसके निवेश पर दोगुने लाभ का झांसा देकर इन्वेस्ट कराने वाले जयपुर और महाराष्ट्र के जालसाजों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपियों ने महिला को 23. 75 लाख रुपए की चपत लगा दी।

पुलिस के अनुसार नेहरू नगर में रहने वाली रंजना उर्फ रूपल ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी एक परिचित ने उसे रुपए इन्वेस्ट करने की राय दी। साथ ही जयपुर की रहने वाली ज्योति हुक्कू और महाराष्ट्र निवासी आसफा सैयद सहित अन्य से फोन पर बात कराई। आरोपियों ने महिला से कहा कि वो हमारी कंपनी में पैसा इन्वेस्ट करे, हम एक लाख रुपए प्रतिमाह देंगे।

महिला इन लोगों की बातों में आने से पहले महाराष्ट्र में उनके ऑफिस पहुंची। वहां सब से मिलकर आई। इसके बाद रुपया इन्वेस्ट किया। शुरुआत में आरोपियों ने महिला को अच्छा खासा प्रॉफिट भी दिया। इस पर महिला को लगा कि कंपनी फ्रॉड नहीं है।

आरोपियों की बातों में आकर महिला ने करीब दस बार में 23 लाख 75 हजार रुपए जमा कर दिए। इसके बाद जालसाजों ने महिला से बात करना बंद कर दी। इसके बाद महिला जब ऑफिस गई तो आरोपियों ने शुरुआत में टाल दिया। बाद में महिला जब महाराष्ट्र पहुंची तो आरोपी महिला ने मां के शांत होने की बात कही।

इस पर फरियादी जब उसके घर पहुंची तो उसकी मां जिंदा थी। इस दौरान काफी कहा-सुनी भी हुई। इस पर आरोपी ने दोपहर 12 बजे तक अकाउंट में पैसा आने की बात कही, लेकिन खाते में पैसा नहीं आया। जब फरियादी ने आरोपी महिला से संपर्क किया और उसका फोन नहीं लगा और जब घर पर पहुंची तो वह खाली कर जा चुकी थी। इस पर महिला थाने पहुंची और केस दर्ज कराया।

क्रेडिट कार्ड के नाम पर चपत

इसी प्रकार क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर ठगी के मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपी ने कागजात लेकर अलग-अलग बैंक से क्रेडिट कार्ड बनवाए। फिर वह कार्ड अपने पास रखकर उनके लिमिट के अनुसार लाखों रुपए निकाल लिए।

पुलिस ने अशोक निवासी पीपलदा के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा दिया। उनसे कागजात लेकर क्रेडिट कार्ड बना दिए। एक कार्ड तो उन्हें दे दिया, लेकिन दूसरे बैंकों के कार्ड नहीं दिए। इसके बाद उन क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर साढ़े 3 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसी तरह आरोपी ने कई और लोगों के साथ में ठगी की है।