Protest : टीवी मैकेनिक का शव रखकर प्रदर्शन, TV नहीं सुधारने पर गोली मारी

आरोपी रिटायर्ड फौजी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग

599

Indore : महू में टीवी मैकेनिक नीलेश उर्फ़ नीलू अग्रवाल की एक रिटायर फौजी ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी क्योंकि, मैकेनिक ने इस फौजी का TV समय पर नहीं सुधारा था। इसके विरोध में मंगलवार को महू के श्याम विलास चौराहे पर परिजनों के साथ ही समाज के लोगों और व्यापारियों ने नीलू अग्रवाल का शव रखकर जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया।

परिवार वाले हत्यारे को फांसी दो, मामा का बुलडोजर आरोपी के घर पर चलवाओ के नारे लगा रहे थे। साथ ही इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह को मौके पर बुलाने की मांग रखी। मौके पर एसडीएम अक्षत जैन पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। इस दौरान आरोपी फौजी परिहार को फांसी की सजा दो और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग के साथ ही परिजनों ने कहा कि अग्रवाल समाज पूरे प्रदेश में इस घटना का विरोध करेगा। मृतक के परिजनों ने भी SDM अक्षत जैन को ज्ञापन सौंपा है। SDM ने ज्ञापन लेते हुए उचित कार्यवाही की बात कही।

दोपहर में परिजनों ने नीलू अग्रवाल का अंतिम संस्कार किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, वही उसके पूर्व किया गया प्रदर्शन और अग्रवाल समाज के साथ ही बाजार के व्यापारियों का गुस्सा देख जिम्मेदारों भी परेशान दिखाई दिए। हालांकि एसडीएम की समझाइश के बाद धरना प्रदर्शन व नारेबाजी बंद हुई।

गोली शरीर से निकल गई

नीलू अग्रवाल के शव का पोस्टमार्टम करना था, लेकिन मृतक के शव में कहीं भी गोली नहीं दिख रही थी। गोली ढूंढने के लिए नीलू अग्रवाल के शव के 5 बार एक्स रे भी हुए परंतु गोली नहीं मिली। सिविल अस्पताल प्रभारी एचआर वर्मा ने बताया कि 5 बार एक्स रे किए, लेकिन गोली नहीं मिली। जब शव को पूरी तरह से चेक किया गया, तो कंधे में से गोली घटना के समय ही बाहर निकलना पाया गया।

आरोपी के परिजन भी हैरान

आरोपी रिटायर्ड फौजी जेबी परिहार से पुलिस पूछताछ के बाद कई बातें सामने आई। मानसिक तनाव और अवसाद के चलते ताबड़तोड़ गोलियां चलाए जाने से पत्नी व परिजन भी हैरान है। आस-पास के लोगों में भी तरह-तरह की चर्चा है। बताया जा रहा है पिछले सोमवार को पत्नी ने पशुपतिनाथ व्रत का पूजन और अभिषेक करवाया था। घरेलू बातों के चलते दो रोज से पत्नी और 13 साल के पुत्र से बोलचाल तीखी भाषा में हो रही थी।

छोटे भाई को केंसर जैसी बीमारी और उपचार से होने वाले खर्च से भी फौजी व्यथित रहता था। इस घटना की जानकारी रिटायर्ड सैनिक ने ही पत्नी को दी। उसके बाद पत्नी और बच्चे के साथ पुलिस थाने पहुंची और अधिकारियों के सामने ही पति की इस हरकत पर नाराजगी जताई तथा वैवाहिक जीवन को लेकर भी कई पीड़ा सामने रखी। बताया जा रहा है फौजी की पत्नी व बच्चे को उसके मायके वाले साथ ले गए हैं। गवली पलासिया वाले घर में अब ताला लगा है।

घटना जो घटी

घटना महू के गोकुल गंज इलाके की है यहां रिटायर्ड फौजी ने दुकान पर बैठे मैकेनिक पर चार गोलियां चलाईं थी। इसके बाद वह खुद एक्टिवा से एडीशनल एसपी ऑफिस पहुंचा और सरेंडर किया। मैकेनिक दो महीने से रिटायर्ड फौजी की टीवी रखे हुए था। बार-बार कहने के बाद भी सुधारकर नहीं दे रहा था। इससे आरोपी नाराज था। जब उससे पूछा गया कि उसने हत्या क्यों की, तो बोला स्ट्रेस में था।

एडिशनल एसपी शशिकांत कनकने ने बताया कि आरोपी मूलत: इंदौर का रहने वाला है। दो महीने से दुकानदार के यहां चक्कर लगा रहा था। घटना से पहले दोनों में फोन पर बहस भी हुई थी। हत्या के बाद वह सीधा ऑफिस आया और पुलिसकर्मियों से बोला कि मैं दुकानदार को गोली मारकर आया हूं। सरेंडर कर रहा हूं। आरोपी ने सेना से रिटायरमेंट के बाद दो साल तक पुलिस डिपार्टमेंट में भी जवान के तौर पर नौकरी की। बाद में उसने रिटायरमेंट ले लिया।