AAP Became Third Option : MP में ‘आम आदमी पार्टी’ बनी तीसरा विकल्प

पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी मुकेश गोयल ने सफलता पर संतोष जताया

663

AAP Became Third Option : MP में ‘आम आदमी पार्टी’ बनी तीसरा विकल्प

Bhopal : आम आदमी पार्टी (AAP) के मध्य प्रदेश के प्रभारी मुकेश गोयल और प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने हाल ही में संपन्न नगरीय निकाय व पंचायत राज चुनावों में AAP को मिली अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ‘आम आदमी पार्टी’ अब प्रदेश में तीसरा मजबूत विकल्प बनकर उभरी है।
मध्यप्रदेश प्रभारी ने कहा कि दिल्ली और पंजाब के बाद मध्यप्रदेश की जनता ने भी AAP को आशीर्वाद दिया और अरविंद केजरीवाल के मॉडल पर विश्वास जताया है। इन चुनावों में दोनों पारंपरिक दलों ने धनबल ओर बाहुबल का जमकर उपयोग किया और हमारे उम्मीदवारों को डराने-धमकाने का भी काम किया। लेकिन, प्रदेश की जनता ने अपने समर्थन से आप को बड़ी सफलता दिलवाई। हम वादा करते है कि उनकी आकांक्षा के अनुरूप बुनयादी मूलभूत सुविधाओं को उन्नत कर उनके जीवन को सुखी बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि शासन ,प्रशासन और चुनाव आयोग की अकर्मण्यता के चलते कितने ही मतदाताओं को अपने अधिकार से वंचित होना पड़ा, ये स्वस्थ लोकतंत्र की निशानी नहीं है। AAP के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने पार्टी की सफलता का श्रेय पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को देते हुए जनता को धन्यवाद देते हुए बताया कि पार्टी ने सिंगरौली महापौर का चुनाव जीतने के साथ साथ सभी नगर निगमों में पार्टी ने 6-7% मत प्राप्त किए हैं।
पार्टी के ग्वालियर नगर निगम के महापौर उम्मीदवार ने लगभग 46,000 वोट प्राप्त किए । प्रदेश भर में 40 से अधिक पार्षद प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है और 86 से ज्यादा प्रत्याशियों ने दूसरा स्थान हासिल किया। नगरीय निकाय के साथ ही पार्टी ग्रामीण क्षेत्र में भी बहुत अधिक सफल रही है। पार्टी समर्थित उम्मीदवारों में ग्रामीण क्षेत्र में 10 से अधिक जिला पंचायत सदस्य, 20 से अधिक जनपद सदस्य, 100 से अधिक सरपंच तथा 200 से ऊपर पंच निर्वाचित हुए हैं। पंकज सिंह ने विश्वास जताते हुए बताया कि पार्टी आगामी विधानसभा में पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी और मध्यप्रदेश में सरकार बनाएगी।