Arrested with lllegal Weapon : सिकलीगर से 7 अवैध पिस्टल, 588 बैरल बरामद!

बैरल बनाने वाले इंदौर के दो लेथ मशीन संचालकों को भी पकड़ा

690

 

Indore : हथियार माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई कर रही क्राइम ब्रांच ने बुरहानपुर के कुख्यात सिकलीगर अकाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकडे आरोपी से 7 अवैध पिस्टल और पिस्टल बनाने की 588 बैरल बरामद की। कट्टे, पिस्टल बनाने के लिए बैरल भमौरी के लेथ मशीन संचालकों से बनवाता था। पुलिस ने दो लेथ मशीन संचालकों को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने 3 साल में 15 हजार के ज्यादा बैरल बनाना कबूल किया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश हिंगनकर के मुताबिक गिरफ्तार अकालसिंह पुत्र सेवासिंह खींची पांगरी खकनार जिला बुरहानपुर का निवासी है। पुलिस को इसके बारे में लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि वह शहर के अपराधियों को पिस्टल, कट्टे सप्लाई कर रहा है। रविवार को टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर घेराबंदी की और अवैध हथियार सहित उसे गिरफ्तार कर लिया।

उसके पास से कट्टे बनाने के लिए तैयार 588 बैरल भी जब्त की गई है। इतनी बैरल देखकर पुलिस वाले भी चौंक गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बैरल उसने भमौरी क्षेत्र में लेथ मशीन चलाने वाले प्रेमचंद और कृष्णा से बनवाई है। सोमवार रात पुलिस ने प्रेम और कृष्णा को हथियार माफियाओं से सांठगांठ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

सिकलीगरों से संपर्क की जांच

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के मुताबिक आरोपी अकालसिंह ने बताया कि लेथ मशीन संचालक सालों से सिकलीगरों के लिए बैरल बना कर सप्लाई कर रहे है। पुलिस को भी जानकारी मिली कि आरोपित खंडवा, धार, बुरहानपुर, बड़वानी के सिकलिगरों के संपर्क में है और बैरल की सप्लाई करते है। प्रारंभिक पूछताछ में तीन साल में 15 हजार के ज्यादा बैरल बनाने की बात कबूल कर ली है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और नंबरों की जांच कर रही है।