Attack Due to Election Rivalry : चुनावी रंजिश में भाजपा समर्थक पर हमला, 5 पर केस दर्ज!    

हमले का मुख्य आरोपी चुनाव से पहले भाजपा से कांग्रेस में आया था, घायल गंभीर  

374

Attack Due to Election Rivalry : चुनावी रंजिश में भाजपा समर्थक पर हमला, 5 पर केस दर्ज!

 

Indore : चुनावी रंजिश में कांग्रेस नेता ने मंगलवार रात भाजपा समर्थक पर जानलेवा हमला किया। बताया गया कि आरोपी ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की और फरार हो गए। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए नेता दिनेश मल्हार और दो भाईयों सहित पांच आरोपियों पर जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है।

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा से कांग्रेस में आए नेता दिनेश मल्हार ने राऊ से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक मधु वर्मा के एक समर्थक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। भंवरकुआं टीआई राजकुमार यादव के मुताबिक भाजपा से कांग्रेस में आए दिनेश मल्हार का सोनू उर्फ कपिल पिता विनोद खिल्लारी से चुनाव के वक्त विवाद हुआ था।

इसी के चलते दिनेश और उसके साथियों ने कपिल के पेट और सीने पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दिनेश मल्हार, मनोज मल्हार, उमेश मल्हार, सतीश शिंदे और अंकित नामदेव सभी निवासी पालदा पर धारा 307, 452, 294 और 34 के तहत केस दर्ज किया है।

एडीसीपी जोन 4 अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि फरियादी के अनुसार पालदा क्षेत्र में कुछ लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। मामले में केस दर्ज कर पांच आरोपी बनाए गए हैं। घटना के पीछे कारण चुनाव में एक पक्ष के द्वारा दूसरे पक्ष का साथ नहीं देने की बात सामने आई है। इस पर चाकू से हमला कर फरियादी को घायल किया गया। सभी आरोपी फरार है। उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। टीम लगाई है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लेंगे।

घटना मंगलवार रात 11 बजे के करीब भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित पालदा नाका (हनुमान मंदिर के पास) की है। हमला अरविंद उर्फ सोनू पुत्र विनोद खिल्लारी पर हुआ है। पुलिस ने सोनू की 15 साल की बेटी नंदिनी की शिकायत पर आरोपी दिनेश मल्हार, उमेश मल्हार, मनोज मल्हार, सतीश शिंदे (कुम्हार भट्टी), अंकित नामदेव (पालदा) पर एफआईआर दर्ज की है।

सोनू प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते हैं और भाजपा विधायक मधु वर्मा के समर्थक है। दिनेश मल्हार ने रात में फोन करके घर के बाहर बुलाया और चाकू से हमला कर दिया। सोनू की मौसी उर्मिला बचाने आई तो उनके साथ भी मारपीट की। भाई कपिल के मुताबिक दिनेश पराजित विधायक जीतू पटवारी का समर्थक है और उसने पटवारी के समर्थन में प्रचार किया था।