WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Attempt to Implicate Minister : मंत्री को फंसाने के लिए की गई ‘सेक्सटॉर्शन’ वीडियो कॉल, राजस्थान से 2 गिरफ्तार!

'सेक्सटॉर्शन' का असली मास्टर माइंड अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर!

WhatsApp Image 2023 07 26 At 11.32.52 AM 696x451

Attempt to Implicate Minister : मंत्री को फंसाने के लिए की गई ‘सेक्सटॉर्शन’ वीडियो कॉल, राजस्थान से 2 गिरफ्तार!

New Delhi : केंद्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल को ‘सेक्सटॉर्शन’ में फंसाकर ब्लैकमेल करने की साजिश में लगे दो लोगों को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया। ‘सेक्सटॉर्शन’ का गिरोह केंद्रीय मंत्री के पीछे पड़ा था। उन्हें अपनी जाल में फंसाकर पैसों की उगाही के चक्कर में लगा था।

जानकारी के अनुसार ‘सेक्सटॉर्शन’ का गिरोह अपने मंसूबे में कामयाब हो पाता, उससे पहले ही मंत्री प्रहलाद पटेल को उन पर संदेह हो गया। फिर उनके सचिव आलोक मोहन ने फौरन दिल्ली पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताते हैं कि केंद्रीय मंत्री के सचिव ने दिल्ली पुलिस के सामने जून के आखिरी हफ्ते में इस बाबत शिकायत दर्ज कराई। इसे दिल्ली पुलिस ने बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और फिर आरोपियों को ट्रैक करते हुए राजस्थान के भरतपुर पहुंची। पुलिस ने जुलाई के पहले हफ्ते में दो आरोपियों को हिरासत में लिया।

इस बारे में एक अधिकारी ने बताया कि सचिव आलोक मोहन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की और मामले की पड़ताल के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार भरतपुर से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान मोहम्मद वकील और मोहम्मद साहब के रूप में हुई है। हालांकि, पुलिस ने इस बात को स्वीकार किया है कि ‘सेक्सटॉर्शन’ के खेल का असली मास्टर माइंड मोहम्मद साहब अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ‘सेक्सटॉर्शन’ के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करके उगाही का काम करते थे। इसके लिए अपराधियों का एक पूरा संगठित गिरोह है, जो “सेक्सटॉर्शन” रैकेट के जरिए लोगों को अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से फंसाते थे। इसके बाद चंगुल में फंसे लोगों को बदनामी की धमकी देकर पैसे ऐंठते थे या उन्हें ब्लैकमेल करते थे।

‘सेक्सटॉर्शन’ की इस घटना के संबंध में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से वीडियो कॉल आई, जब उन्होंने वीडियो कॉल का जवाब देने का प्रयास किया तो दूसरी और से कॉल करने वाले ने एक अश्लील वीडियो क्लिप चला दी। मंत्री पटेल फौरन मामले को समझ गए और उन्होंने तुरंत फोन काट दिया। इसके बाद उन्होंने अपने सचिव आलोक मोहन को सारी घटना की जानकारी देते हुए फौरन दिल्ली पुलिस में घटना की शिकायत दर्ज कराने का आदेश दिया।

जानकारी के अनुसार मंत्री के साथ जब ‘सेक्सटॉर्शन’ की इस घटना को अंजाम दिया गया, तब वह मध्य प्रदेश स्थित अपने पैतृक आवास पर थे। मंत्री ने कहा कि पुलिस ने मामले की पड़ताल करने के बाद उन्हें सूचित किया कि उन्होंने ‘सेक्सटॉर्शन’ कॉल करने वालों का पता लगा लिया है। इस मामले में राजस्थान के भरतपुर से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।