Badwani News: 35 दिन जंगल में छिपा रहा पिता का हत्यारा बेटा: मंदिर की छत से कूदकर भागने की कोशिश, दोनों पैर टूटे

336

Badwani News: 35 दिन जंगल में छिपा रहा पिता का हत्यारा बेटा: मंदिर की छत से कूदकर भागने की कोशिश, दोनों पैर टूटे

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के चर्चित पिछोड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी बेटे चंदन बड़ोले को आखिरकार पुलिस ने 35 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी अमलाली के घने जंगलों में छिपा हुआ था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की कोशिश में मंदिर की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंदन बडोले आम आदमी पार्टी से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है.

पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के मुताबिक ग्राम पिछोड़ी निवासी चंदन बड़ोले ने 19 अप्रैल को पैसों के विवाद में अपने पिता जगन बड़ोले (58) की बीच सड़क पर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने 35 दिनों तक पुलिस को खूब छकाया। पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बन गया था, क्योंकि उसके घर और आसपास सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा था। आशंका थी कि आरोपी दोबारा अपने परिजनों पर हमला कर सकता है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या की योजना पहले से तैयार कर रखी थी। वह अमलाली क्षेत्र के जंगलों में पहले से आता-जाता था और वहां अपने रहने तथा छिपने की व्यवस्था भी कर चुका था। हत्या के बाद वह अमलाली गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में स्थित एक माता मंदिर के आसपास छिपकर रहने लगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरारी के दौरान वह कई दिनों तक केवल नमक और बाटी खाकर गुजारा करता रहा तथा रात के अंधेरे में ही बाहर निकलता था।

कोतवाली थाना प्रभारी बलवंत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी की तलाश में पिछले एक महीने से बड़वानी सहित आसपास के जिलों और सीमावर्ती राज्यों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घटना के दो दिन बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर 52 गांव क्षेत्र की पहाड़ियों में भी तलाशी ली गई थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अमलाली के जंगल में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी पहाड़ी की ओर भागा और मंदिर की छत से छलांग लगाकर बचने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।

हत्या के बाद फरारी के दौरान उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अपने छोटे भाई की पत्नी के पुनर्विवाह को लेकर भी चैलेंज दिया था कि वह यह शादी नहीं होने देगा. दरअसल उसका छोटा भाई एक नाबालिग लड़की से प्रेम करता था. और लड़की के पिता की शिकायत पर छेड़छाड़ के आरोपों के चलते उसे जेल में रहना पड़ा था. हालांकि छोटे भाई की शादी उसी लड़की के बालिग़ हो जाने का बाद हुई थी. लेकिन छोटे भाई को छोड़ दिए जाने के चलते वह काफी परेशान था और जेल जाने के अपमान की आग में जल रहा था. इसलिए पुलिस को आशंका थी कि वह और भी वारदात कर सकता है.

आरोपी ने 2018 में आम आदमी पार्टी की टिकट पर भी चुनाव लड़ा था लेकिन बुरी तरह हार गया था.

फिलहाल पुलिस आरोपी से हत्या में इस्तेमाल हथियार और फरारी के दौरान उसकी मदद करने वाले लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने ₹10000 के इस इनामी आरोपी की गिरफ्तारी पर संबंधित पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया.