Khargone News: बैंक में 41.58 लाख रुपए का गबन,शाखा प्रबंधक,कैशियर और सहायक लेखाकार निलंबित

226

Khargone News: बैंक में 41.58 लाख रुपए का गबन,शाखा प्रबंधक,कैशियर और सहायक लेखाकार निलंबित

खरगोन : जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित खरगोन की बिस्टान शाखा में 41 लाख 58 हजार रुपए के गबन का मामला सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक, कैशियर और सहायक लेखाकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। तीनों के बैंक खाते भी सीज कर दिए गए हैं.

IMG 20260528 WA0034

बैंक प्रशासन ने शाखा प्रबंधक राजेश राठौर,कैशियर ऋतु गोयल और सहायक लेखाकार त्र्यंबक वाणी को निलंबित किया है। बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने बताया कि मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को शाखा में नियमित कैश वेरिफिकेशन और भौतिक ऑडिट के दौरान गड़बड़ी सामने आई। जांच में कैश बुक में दर्ज राशि और शाखा में वास्तविक रूप से उपलब्ध नकदी के बीच 41 लाख 58 हजार 95 रुपए का अंतर पाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक प्रबंधन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारी मौके पर पहुंचे और शाखा का निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया। इसके बाद घटना की जानकारी कार्रवाई के लिए जैतापुर थाना पुलिस को दी गई।

फिलहाल पुलिस और बैंक प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। बैंक प्रबंधन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।