BJP’s Luck Win : धार जिला पंचायत में भाजपा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद गोली से जीती!

कांग्रेस ने कहा कि ये भाग्य की जीत है, भाजपा की नहीं!

915

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : जिला पंचायत के चुनाव की आज प्रक्रिया सम्पन्न हुई। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों में हुई वोटिंग में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने से हार जीत का फैसला गोली डालकर हुआ। इसमें अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी सरदार सिंह मेडा ने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिंह गौतम को हराया।

वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए हुए वोटिंग में भी दोनों प्रत्याशी को बराबर मत मिले तो फिर गोली का सहारा लेना पड़ा। इसमें भाजपा प्रत्याशी संगीता पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी मुकामसिंह अलावा को हराया।

यह ऐतिहासिक परिणाम रहे, जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए गोली से फैसला हुआ। आज निर्धारित समय पर जिला पंचायत सभागार में जिले के समस्त 28 विजयी जिला पंचायत सदस्यों को आमंत्रित किया था।

जहाॅं चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई, गौतम और मेडा के बीच मतदान हुआ जिसमें दोनों उम्मीदवारों को 14-14 मत प्राप्त हुए। वही जीत का निर्णय गोली से हुआ और विजेता बीजेपी के सरदार मेडा रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि यह जीत एक विश्वास की जीत है कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। हमने सही कार्यकर्ताओं का चयन किया।

कार्यकर्ताओं के आधार पर हम लोग जीते है और जिस प्रकार आदिवासी सर्वोच्च पद पर बैठे जिस प्रकार की टिप्पणी की उनको में कहना चाहता हूँ  वास्तव में कांग्रेस का चरित्र क्या है और कहना क्या है! हम लोग जितने भी भाजपा की तरफ से चयन होकर आए थे, वो एक भी इधर से उधर नहीं हुए सभी साथ थे इसलिए जीते।

जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव बहुमत के आधार पर न होते हुए गोली से होने पर कांग्रेस इसे भाग्य की जीत बता रही है।

कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को इतनी ख़ुशी नहीं मनाना चाहिए, क्योंकि यह भाग्य की जीत है।

गंधवानी के कांग्रेस MLA और पूर्व वन मंत्री उमंग सिंघार ने कहा कि देखिए ऐसा है कि अब भाग्य से बड़ी कोई चीज नहीं है! सबसे बड़ी बात यह कि हार-जीत अपनी जगह, लेकिन आज पूरे जिले मे कांग्रेस के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। मैं सभी सदस्यों को धन्यवाद देना चाहता हूं कि सभी एकजुट रहे। भाजपा के खिलाफ यही हमारी सबसे बड़ी जीत है।

हर विधानसभा में जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं का सैलाब दिखा, आने वाले चुनाव में हम सभी सीटें जीतेंगे, मैं आपको इस बात का विश्वास दिलाता हूं। भाजपा को इतनी खुशी नहीं बनाना चाहिए, आप भाग्य से जीते हो।