BJP’s President Election: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 8 मार्च को भोपाल में, नए अध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट शुरू

640
Selection of New BJP President
BJP Leaders not Happy

BJP’s President Election: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 8 मार्च को भोपाल में, नए अध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट शुरू

भोपाल: मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए निर्वाचन अधिकारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को भोपाल आ रहे हैं।

हालांकि भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए जो शेड्यूल बनाया था, उस शेड्यूल के अनुसार तो निर्वाचन का समय बहुत पहले ही निकल चुका है। इस अवधि में भाजपा में पूरे प्रदेश के शहर और जिला अध्यक्ष की नियुक्ति भी नहीं हो सकी थी।

इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के निर्वाचन अधिकारी भी नहीं आए थे। उस समय से भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनना चाहने वाले नेता सक्रिय हो गए थे। इन नेताओं द्वारा अपने नाम के लिए लॉबिंग भी शुरू कर दी गई थी। जब निर्वाचन अधिकारी ही नहीं आए तो निर्वाचन की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो पाई। इसके बाद बार-बार यह अंदाजा लगाया जाता रहा कि बस अब निर्वाचन अधिकारी आने वाले हैं और चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हर बार यह अंदाजा गलत साबित होता रहा। अब तो भाजपा द्वारा प्रदेश की सभी इकाइयों में जिला और शहर अध्यक्ष की नियुक्ति की जा चुकी है। यह नियुक्ति होने के बाद भी धर्मेंद्र प्रधान का निर्वाचन की प्रक्रिया के लिए रायशुमारी करने हेतु मध्यप्रदेश आने का कोई कार्यक्रम सामने नहीं आया।

अब अचानक ही यह कार्यक्रम सामने आया है कि 8 मार्च को प्रधान भोपाल आ रहे हैं। वैसे तो वह भोपाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन विद्या भारती के पांच दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह में भाग लेने के लिए आ रहे हैं। उनके आगमन के कार्यक्रम में भाजपा संगठन का आधिकारिक तौर पर कोई कार्यक्रम जुड़ा हुआ नहीं है। इसके बावजूद, फिर से यह माना जा रहा है कि इस बार प्रधान भोपाल आ रहे हैं तो वह विद्या भारती के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय जाएंगे और वहां भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए नेताओं से चर्चा करेंगे।

ध्यान रहे कि मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र भी 10 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र को देखते हुए पार्टी के सभी विधायक और प्रदेश सरकार के सभी मंत्री भी भोपाल में होंगे। ऐसी स्थिति में उम्मीद की जा रही है कि प्रधान द्वारा नेताओं से चर्चा कर उनकी राय जानी जाएगी और इस राय को केंद्रीय नेतृत्व को बताया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा के हलकों में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ही मध्यप्रदेश में भाजपा को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।

ब्राह्मण समाज का दावा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चल रही दौड़ में सबसे आगे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का नाम बताया जा रहा हैं। यह दोनों ही ब्राह्मण समाज से आते हैं। ऐसे में यह कहा जा रहा है कि ब्राह्मण अध्यक्ष के स्थान पर ब्राह्मण समाज से ही नया प्रदेश अध्यक्ष बने। इसके अतिरिक्त विधायक हेमंत खंडेलवाल, अर्चना चिटनीस, सांसद डॉ. लता वानखेड़े का नाम भी इस पद की दौड़ में शामिल है। यदि पार्टी द्वारा आरक्षित वर्ग से अध्यक्ष बनाया जाता है तो ऐसी स्थिति में सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, दुर्गादास और लालसिंह आर्य में से किसी को अवसर दिया जा सकता है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष को रिपीट तो नहीं किया जा रहा है। इसके बावजूद वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के समर्थक उनका एक और कार्यकाल प्राप्त करने के लिए अपने स्तर पर पूरी कोशिश करने में लगे हुए हैं।