Bundelkhand Expressway : बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, बुंदेलखंडी नेताओं को ही भुला दिया

PM नरेंद्र मोदी ने 296 किमी के 14,850 करोड़ के सड़क मार्ग को खोला

790

Jalaun (UP) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। उन्होंने जालौन जिले की उरई तहसील के कैथेरी गांव में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में यह एक्सप्रेस-वे लोकार्पित किया। 14,850 करोड़ से बना यह UP का छठा एक्सप्रेस-वे है जिसकी लम्बाई 296 किमी है। लेकिन, इस कार्यक्रम में बुंदेलखंड से जुड़े बीजेपी के नेताओं को ही नहीं बुलाया गया। ‘उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड विकास बोर्ड’ के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला समेत बुंदेलखंड के कई नेता मंच पर दिखाई नहीं दिए!
नरेंद्र मोदी ने सभा में बुंदेली में अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के वेदव्यास की जन्मस्थली, हमारी बाईसा लक्ष्मीबाई की धरती पे बेर-बेर आवे को अवसर मिलो, हमें बहुतई प्रसन्नता हई।’ इस एक्सप्रेस वे के बनने से चित्रकूट से दिल्ली की दूरी तो 3 से 4 घंटे कम हुई है। लेकिन, इसका लाभ इससे भी कहीं ज्यादा है। ये एक्सप्रेस-वे यहां सिर्फ वाहनों को गति नहीं देगा, बल्कि ये पूरे बुंदेलखंड की औद्योगिक प्रगति को गति देगा।
बुंदेलखंडी नेताओं को भुला दिया
बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की चार दशक से मांग कर रहे फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला को इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने पर काफी प्रतिक्रिया हुई! क्योंकि, विधानसभा चुनाव के समय राजा बुंदेला ने यहां काफी सक्रियता दिखाई थी। उनके सघन दौरे और प्रचार से भाजपा को काफी लाभ भी मिला था! लेकिन, बुंदेलखंड के विकास के एक अहम् पड़ाव पर पार्टी ने उन्हें भुला दिया। क्षेत्र के कई नेताओं ने इसे उचित नहीं माना और कहा कि सही मंच पर वे इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।

बुंदेली में भाषण की शुरुआत
उद्घाटन समारोह में PM नरेंद्र मोदी अपने ही रंग में रंगे नजर आए। बुंदेलखंड की जनता को स्थानीय भाषा में संबोधित करते हुए हालचाल पूछा। इसके बाद यहां की स्थानीय संस्कृति और इतिहास का जिक्र किया। इसके बाद विपक्ष पर हमलावर भी नजर आए। मोदी ने कहा कि देश में बढ़ रहे फ्री की रेवड़ी कल्चर पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने युवाओं को इसके खिलाफ उठने की अपील की। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के जरिए उन्होंने क्षेत्र के विकास की बात कही। इसके शुरू होने के साथ ही चित्रकूट से दिल्ली तक पहुंचने में लोगों को सिर्फ 6 घंटे ही लगेंगे। अभी यह सफर करीब 11 घंटे का है।
PM के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। कार्यक्रम स्थल के 5 किमी के दायरे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे चित्रकूट के भरतकूप से शुरू होकर इटावा होते हुए कुदरौल के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से मिल रहा है। यहीं से एक्सप्रेसवे दिल्ली से जुड़ेगा। इससे चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया और इटावा जिले सीधे जुड़ेंगे। इसमें सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए 6 सीओ और 128 पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही 12 इनोवा गाड़ियां पेट्रोलिंग के लिए लगाई गई हैं, जो 24 घंटे एक्सप्रेस वे में फर्राटा भरते हुए यहां से गुजरने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखेंगी।

बुंदेलखंड की प्रतीक्षा खत्म
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘यह ऐतिहासिक क्षण है। मैं बुंदेलखंड वासियों को बधाई देता हूं। यहां दबंगों की वजह से अपनी पुश्तैनी जमीन पर घर नहीं बना सकता था। घरौनी योजना की वजह से अब संभव हो पाया है कि जिनके कागज नहीं हैं, अब वह अपना घर बना सकते हैं। आजादी के बाद से बुंदेलखंड की प्रतीक्षा आज खत्म हुई।