Cabinet Expansion: शिवराज कैबिनेट में होली बाद फेरबदल के पूरे आसार!

संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत को मंत्रियों की रिपोर्ट सही नहीं मिली!

1738

Cabinet Expansion: शिवराज कैबिनेट में होली बाद फेरबदल के पूरे आसार!

Bhopal : इस साल MP में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सरकार और भाजपा संगठन चुनाव के लिए कमर कस रही है। लेकिन, राज्य सरकार के कई मंत्रियों को लेकर जमीनी स्तर पर नाराजगी देखी जा रही। बताया गया कि ज्यादातर मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड निगेटिव आ रहा। इसी के चलते मंत्रिमंडल में फेरबदल के आसार बन रहे हैं। संभावना है कि होली के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव के साथ विस्तार किया जा सकता है। संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत के 19 फ़रवरी के भोपाल दौरे और मंत्रियों के साथ बैठक को इसी दृष्टि से देखा जा रहा है।
मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार विकास यात्रा निकाल रही है। हर जिले में निकाली जा रही इन यात्राओं का मकसद हितग्राहियों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ जमीनी हकीकत का ब्यौरा तैयार करना है। सरकार के कई मंत्रियों के खिलाफ सत्ता के प्रमुख शिवराज सिंह चौहान और संगठन के पास रिपोर्ट आ चुकी है।
सरकार और संगठन के पास आए पहुंचे रिपोर्ट कार्ड के आधार पर मंत्रियों के साथ विधायकों को भी लगातार समझाइश दी जा रही है। इशारों-इशारों में यहां तक कह दिया गया है कि उनका रिपोर्ट कार्ड नहीं सुधरा तो सख्त फैसले भी लिए जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, काफी समय से मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद चल रही है। एक तरफ जहां निगम मंडलों में नियुक्ति होना है, वहीं कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में भी जगह दी जाना है। इसके चलते कुछ मंत्री ऐसे हैं, जिनके विभागों में बदलाव किया जाएगा। वहीं कई की छुट्टी भी की जा सकती है।

भागवत के भोपाल आने का कारण
संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत 19 फ़रवरी को भोपाल आकर सभी मंत्रियों से मिलने वाले हैं। विकास यात्रा के बीच सभी मंत्रियों को भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। अचानक घटे इस घटनाक्रम को किसी बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह भी जानकारी मिली कि संघ को मिली रिपोर्ट में मंत्रियों के बारे में अच्छी जानकारी नहीं मिली। पार्टी को सरकार बनाने लायक सीटें आने का दावा भी सही नहीं लग रहा। संघ इस रिपोर्ट के बाद चिंतित है। यही कारण है कि मोहन भागवत भोपाल आ रहे हैं।