PM मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में होगी मोहन यादव की CM ताजपोशी, भव्य और ऐतिहासिक होगा शपथ ग्रहण समारोह

565

PM मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में होगी मोहन यादव की CM ताजपोशी, भव्य और ऐतिहासिक होगा शपथ ग्रहण समारोह

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव की आज मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी होगी। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी इस समारोह में भाग लेने के लिए भोपाल आ रहे हैं।

भोपाल के लाल परेड मैदान में आज पूर्वाहन 11:30 बजेआयोजित होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा सहित उनकी पूरी टीम लगातार लगी हुई है।कार्यक्रम में चूंकि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री शामिल हो रहे हैं, इसलिए सुरक्षा की माकूल व्यवस्था की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा जो मुख्यमंत्री इस भव्य समारोह में शामिल होने आ रहे हैं उनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन वीरेंद्र सिंह, नागालैंड के मुख्यमंत्री रियो और मेघालय के मुख्यमंत्री कानारद संगमा के साथ ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र के दूसरे उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और नागालैंड के उपमुख्यमंत्री भी शामिल हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ दो उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा भी शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।