जनहितैषी योजनाएं बंद करती है कांग्रेस,बोलीं स्मृति ईरानी

श्रीराम को काल्पनिक बताने वाले अब घूम रहे हैं रामजी के मंदिरों में, शेष बची गुंडागर्दी को क्षेत्र में जड़ से उखाड़ फेंकेंगे इस बार बोले डा. सीतासरन शर्मा

2755

जनहितैषी योजनाएं बंद करती है कांग्रेस,बोलीं स्मृति ईरानी

*देखें तीन एक्सक्लूसिव वीडियो,क्या बोलीं स्मृति ईरानी*

इटारसी से संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की खास रिपोर्ट

इटारसी। जहां जीत पक्की हो, वहां बहन केवल जीत का टीका लगाने आती है। अपने भाषण का आगाज़ करते हुए उक्त बात नर्मदापुरम विधानसभा क्षेत्र के इटारसी नगर में एक जनसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नर्मदापुरम से भाजपा प्रत्याशी डा.सीतासरन शर्मा की तरफ मुखातिब होते हुए कही। उन्होंने सामने बैठी महिलाओं से पूछा कि आपके खाते में लाडली बहना योजना का कितना पैसा आया है, महिलाओं ने जवाब दिया 1250 रुपए।

IMG 20231109 WA0103

उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने इस योजना में इस राशि को क्रमशः बढ़ाते हुए 3 हजार रुपए तक देने का वादा किया है। आप लोग भाजपा की सरकार बनायें, वे अपना वादा भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह देश के इतिहास में पहली बार हुआ है कि कोई सरकार किसानों के खातों में पैसा डाल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 हजार रुपए दे रहे हैं तो मप्र सरकार भी अपना योगदान दे रही है। इससे पहले किसानों को कर्ज माफी कराने कांग्रेस के जमाने में सरकारों के सामने हाथ जोड़ने पड़ते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज देने की योजना शुरु की और इसे अब अगले पांच वर्ष के लिए और आगे बढ़ा दिया है। अब कांग्रेस कहती है कि मुफ्त राशन की योजना बंद नहीं की तो हम मोदी के खिलाफ केस करेंगे। मैं कहना चाहती हूं, अरे मोदी शेर है, तुमसे जो बन पड़े कर लो। पर हम गरीब को राशन देना बंद नहीं करेंगे। स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस तो जनहितैषी योजनाएं बंद करती है। मध्यप्रदेश में केवल 15 माह कांग्रेस की सरकार रही और शिवराज सिंह सरकार के समय लागू की गई कई जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया गया। संबल योजना को बंद करके गरीबों के साथ अन्याय किया गया। कन्यादान योजना में काम नहीं किया और किसी गरीब बच्ची का विवाह तक नहीं कराया।

IMG 20231109 WA0102

यह लोग केवल योजनाएं बंद करने का काम करते हैं, केवल भाजपा ही है जो गरीब कल्याण की योजनाएं चलाती है। भाजपा ने लाड़ली लक्ष्मी योजना से प्रदेश की 40 लाख बेटियों को लखपति बनाया है। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी कभी वचन नहीं निभाते हैं। प्रदेश में भी दस दिन में किसान का कर्ज माफ नहीं करने पर मुख्यमंत्री बदलने का कह गये थे, पर पंद्रह माह में भी राज्य सरकार ने कर्ज माफी नहीं की।

केन्द्र ने कांग्रेस सरकार के मप्र के पंद्रह माह के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास का पैसा भेजा था वह भी कमलनाथ सरकार ने रोक लिया था और गरीबों को पैसा नहीं मिला तो उनके आवास अधूरे रह गये। फिर भाजपा आयी तो पैसा रिलीज किया और आवास बनने प्रारंभ हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आयी तो आप लोगों को वर्तमान सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो जाएगा। महिला व बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने आज इटारसी में आरएमएस कार्यालय के सामने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सीतासरन शर्मा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। स्मृति ईरानी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि यह चुनाव एक विधानसभा का चुनाव मात्र नहीं है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद कह गए हैं, महाभारत का युद्ध है। पांडव हम हैं। कौरव वे खुद हैं। यह धर्म युद्ध है, जिसमें जीत हमेशा सत्य की होगी।

IMG 20231109 WA0113

जीत हमेशा कमल की होगी। श्रीराम को काल्पनिक बताने वाले आज रामजी के मंदिरों में घूम रहे हैं। रामजी का मंदिर बनाने में किसने अड़ंगे लगाए,किसने संघर्ष किया,आप सब जानते हैं। अतः 17 को हम इस संकल्प के साथ मतदान करें कि कि हर गरीब के घर तक राशन पहुंचाएंगे। हर बहन के खाते में पैसा पहुंचाएंगे। हर गरीब के बच्चों को साइकिल और गणवेश दिलवाएंगे। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की याद दिलाते हुए जनता से पुनः राज्य में भाजपा सरकार बनाने के लिए वोट देने अपील की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डा.शर्मा से कहा कि जीतने के बाद आप सबको साथ लेकर अयोध्या अवश्य आएं और फिर मेरे संसदीय क्षेत्र अमेठी भी आएं। वहीं प्रारंभ में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सीतासरन शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने अमेठी से न सिर्फ राहुल गांधी को हराया बल्कि उनको उत्तरप्रदेश छोड़ने को मजबूर कर दिया। अब हमें कांग्रेस को भारत छुड़वाना है।

उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वर्षों से आपने मुझ पर भरोसा किया,पार्टी ने फिर भरोसा करके टिकट दिया। आप इस भरोसे को कायम रखेंगे, ऐसा विश्वास है। जब से प्रदेश में भाजपा आयी तभी से विकास प्रारंभ हुआ। मैं दिग्विजय सिंह के शासनकाल में भी विधायक रहा हूं। तब न सड़कें थीं और ना बिजली। शाम को 7 बजे बाजार बंद करने को व्यापारी मजबूर हो जाते थे। खुद पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ट्रेन से सफर करते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों में सीएम राइज स्कूल, अस्पताल भवन, कालेज भवन सहित केन्द्र और भाजपा की कई योजनाएं गिनायीं। उन्होंने मंच से कहा कि अब की बार आपके आशीर्वाद से क्षेत्र में जो थोड़े से गुंडे बचे हैं, उनका भी सफाया कर दिया जाएगा।

IMG 20231109 WA0107

इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी डॉ. सीतासरन शर्मा, चुनाव प्रभारी राजो मालवीय,चुनाव संयोजक विश्वनाथ सिंघल, महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, जनपद पंचायत नर्मदापुरम के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौकसे, मप्र भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक पीयूष शर्मा, नगर पालिका इटारसी के अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर पालिका नर्मदापुरम की अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष जोगिन्दर सिंह, पुरानी इटारसी मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो, राकेश जाधव सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहित आमजन मौजूद रहे। सभा का संचालन जयकिशोर चौधरी ने किया। आभार इटारसी नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने व्यक्त किया।