Corona Blast : कोरोना के एक दिन में सर्वाधिक मामले बढ़ने का रिकॉर्ड टूटा

एक दिन में 44.6% केस बढ़े, पिछली बार 35.7% केस एक दिन में सामने आए

824

New Delhi : देश में गुरुवार रात जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना के 13,154 नए मामले सामने आए, जो दो दिन पहले आए 6358 मामलों के मुकाबले दोगुने से ज्यादा हैं। देश में ओमिक्रॉन के 950 से अधिक हो गए हैं। कोरोना का नया वैरिएंट देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच चुका है। दो बड़े महानगरों दिल्ली और मुंबई में भी कोरोना नए रिकॉर्ड बना रहै है। दो दिनों में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार पिछली दोनों लहरों से कहीं ज्यादा है। 28 और 29 दिसंबर में देश में रोजाना के मामले दोगुने से भी ज्यादा हो गए।

पहली बार देश में लगातार दो दिन कोरोना मामले बढ़ने दर 40-40% है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में 27 दिसंबर को 6358 कोरोना केस आए, 28 दिसंबर को 9195 मामले आए। एक दिन पहले से करीब 45% ज्यादा है। 28 और 29 दिसंबर को क्रमश: 45% और 43% की दर से मामले बढ़े। 2020 में कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से किसी भी दो दिन में सबसे तेजी से कोरोना केस बढ़ने का यह रिकॉर्ड है। दूसरी लहर के दौरान 31 मार्च 2021 को 72,144 और 1 अप्रैल 2021 को 81,444 मामले 35% और 13.5% की रफ्तार से बढ़े थे। हाल ही में 29 दिसंबर को 13,154 नए मामले पिछले 7 सप्ताह में सबसे अधिक हैं। इससे पहले 11 नवंबर को 13,091 मामले आए थे।

29 दिसंबर को सामने आए 13,154 नए कोरोना मामलों के साथ देशभर में कोरोना के कुल मामले 3 करोड़ 48 लाख 22 हजार 40 हो गए। पिछले 24 घंटे में 268 नई मौतों के साथ इस वायरस से अब तक कुल मौत का आंकड़ा 0480860 हो गया। देश में अब कोरोना के कुल एक्टिव केस 82402 हैं।

ओमिक्रोन भी लगातार बढ़ रहा
देश में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला केस 2 दिसंबर को कर्नाटक में सामने आया था। एक महीने से भी कम समय में ही ओमिक्रॉन देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह दस्तक दे चुका। देश में ओमिक्रॉन संक्रमण के कुल मामलों का 50% से अधिक दिल्ली और महाराष्ट्र से हैं। देश में ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर 961 हो गए हैं। इनमें से दिल्ली में सर्वाधिक 263 केस जबकि महाराष्ट्र में 252 मामले हैं। ओमिक्रॉन से सर्वाधिक प्रभावित अन्य राज्यों में गुजरात (97), राजस्थान (69), केरल (65), तेलंगाना (62), तमिलनाडु (45), कर्नाटक (34), आंध्र प्रदेश (16) और हरियाणा (12) शामिल हैं।

देशभर में कोरोना मामलों में बढ़ोतरी
महाराष्ट्र में बुधवार को देश में सर्वाधिक 3900 नए केस सामने आए। केरल में भी एक दिन पहले के 2474 की तुलना में बुधवार को 2846 नए केस सामने आए। पश्चिम बंगाल में मंगलवार के 752 की तुलना में बुधवार को 1089 केस सामने आए। कर्नाटक में मंगलवार के 356 की तुलना में बुधवार को 566 नए केस, गुजरात में 394 की तुलना में 548 नए केस दर्ज किए गए। झारखंड में 155 की तुलना में बुधवार को 344 केस दर्ज हुए जबकि हरियाणा के नए डेली केस भी 126 से बढ़कर 24 घंटे में ही 217 हो गए।

दिल्ली में कोरोना की रफ्तार
दो बड़े महानगरों दिल्ली और मुंबई में कोरोना रिकॉर्ड बना रहै है। इन दोनों शहरों में नया वैरिएंट ओमिक्रॉन भी तेजी से फैल रहा है। दिल्ली में मंगलवार के 496 केस आये और बुधवार को लगभग दोगुने होकर 923 हो गए, जो 30 मई (946 केस) के बाद से दिल्ली में एक दिन के सर्वाधिक केस हैं। इससे दिल्ली का पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 1.29% हो गया। दिल्ली के कुल कोरोना मामले भी बढ़कर 1445102 हो गए। दिल्ली में अब तक कोरोना से 25,107 लोगों की मौत हुई है।

मुंबई में हालात बिगड़ने लगे
मुंबई में भी कोरोना मामलों तेजी देखी जा रही है। बुधवार को 2510 नए केस सामने आए, जो पिछले कई महीनों के दौरान किसी भी शहर में आए सर्वाधिक हैं। 20 दिसंबर को 283 केस सामने आए, जो 10 दिन के अंदर बुधवार को 2510 हो गए। इससे पहले 8 मई 2021 को मुंबई में 2678 केस आए थे। मंगलवार को मुंबई में 1377 केस सामने आए थे। मुंबई में कोरोना के कुल एक्टिव केस 8060 हैं।