WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Cyclone Biporjoy : बिपरजॉय चक्रवात आज शाम गुजरात के तट से टकराएगा!

Cyclone Biporjoy : बिपरजॉय चक्रवात आज शाम गुजरात के तट से टकराएगा!

Ahmedabad : गुजरात के समुद्री तटों की और बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात अब खतरनाक स्थिति में है। इसके आज शाम 4 से रात 8 बजे के बीच कच्छ के जखाऊ क्षेत्र में तट से टकराने की आशंका है। वर्तमान में चक्रवात गुजरात के तट से करीब 150 किमी दूर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह सौराष्ट्र और कच्छ को पार करने के बाद शाम तक जखाऊ बंदरगाह के पास मांडवी और कराची के बीच पाकिस्तान के तटों को पार करेगा। पाकिस्तान में भी चक्रवात का डर बना हुआ है। आज सिंध के केटी बंदर से चक्रवात बिपरजॉय टकराएगा

IMG 20230615 WA0016

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवात सौराष्ट्र, कच्छ की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। यह जखाऊ से करीब 150 किमी दूर है। हवा की रफ्तार भी 125 किमी प्रति घंटे से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि यह शाम तक तट पर पहुंचेगा। यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इस वजह से कमजोर पेड, कच्चे और छोटे मकानों के अलावा पतरे के मकानों को नुकसान होने की आशंका है।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया
गुजरात के राहत आयुक्त आलोक पांडे के मुताबिक, राज्य के तटीय इलाकों से लोगों को निकालने की प्रक्रिया बुधवार सुबह तक पूरी कर ली गई। करीब 75 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। आठ तटीय जिलों में कुल 74,345 लोगों को अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया। कच्छ जिले में लगभग 34,300 लोगों को निकाला गया। इसके बाद जामनगर में 10,000, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,089, देवभूमि द्वारका में 5,035, जूनागढ़ में 4,604, पोरबंदर में 3,469 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

चक्रवात का प्रभाव
चक्रवात के प्रभाव से मांडवी के समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। द्वारका में बिपरजॉय का ज्यादा डर देखा जा रहा है। चक्रवात के कारण द्वारकाधीश मंदिर को आज श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया। अमृतसर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई।

गुजरात और राजस्थान में सतर्कता
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चक्रवात से सामने आई चुनौतियों और तैयारियों को लेकर समीक्षा की। अहमदाबाद सीमा सुरक्षा बल के आईजी रवि गांधी ने बताया कि BSF अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात हैं और जो चक्रवात बिपरजॉय आने वाला है उसका असर सीमावर्ती इलाकों में है। उन्होंने कहा कि सभी जवान अलर्ट हैं और जरूरी तैयारियां की गई हैं। इस विपदा से निपटने के लिए जो भी प्रयास कर सकते हैं वो कर रहे हैं। जबकि, राजस्थान के उदयपुर एडीएम ओपी बुनकर ने कहा कि आज मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टर, एसपी के साथ चक्रवात बिपरजॉय को लेकर एक समीक्षा बैठक की। उदयपुर वासियों से 16 और 17 जून को विशेष सर्तकता बरतने की अपील की गई है।