

Deport Indians from America: 112 अवैध प्रवासी लेकर अमृतसर पहुंचा तीसरा विमान
अमेरिका द्वारा अवैध प्रवासियों पर की जा रही सख्त कार्रवाई के तहत एक और विमान भारत पहुंचा है, जिसमें 112 भारतीय नागरिक सवार थे. अमेरिकी वायु सेना का यह विमान, जिसे RCH869 के रूप में पहचाना गया, अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंड हुआ.
अमेरिका एयरफोर्स का तीसरा विमान रविवार देर रात भारत पहुंच गया। इस फ्लाइट ने पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इस विमान में यूएस से डिपोर्ट किए गए 112 अवैध भारतीय प्रवासी सवार हैं। इससे पहले भी यूएस से डिपार्ट किए गए अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर दो विमान आ चुके हैं।
अमेरिका में अवैध तरीके से रह रहे भारतीय प्रवासी का तीसरा जत्था भारत पहुंच गया। यूएस एयरफोर्ट की फ्लाइट RCH869 अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। पहले खबर आई थी कि तीसरे जत्थे में 157 अवैध अप्रवासी आएंगे, लेकिन विमान लैंड होने के बाद सिर्फ 112 अप्रवासी ही निकले। इससे पहले MEA सूत्रों ने बताया कि दूसरी खेप में पहुंचे महिलाओं और बच्चों को हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।
आपको बता दें कि बीती रात को भी अमेरिका का एक विमान शनिवार को अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर पहुंचा था। पहले खबर आई थी कि दूसरे जत्थे में 119 अप्रवासी होंगे, लेकिन बाद में सिर्फ 116 अप्रवासी निकले। दूसरे बैच के अवैध प्रवासियों में 65 पंजाब और 33 हरियाणा से थे। साथ ही गुजरात से 8, यूपी, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से दो-दो और हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर से एक-एक प्रवासी थे।
5 फरवरी को आया था पहला विमान
अमेरिका वायुसेना का पहला विमान 5 फरवरी को भारत में लैंड हुआ था, जिसमें 104 अवैध भारतीय अप्रवासी सवार थे। आपको बताते चलें कि अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सरकार बनने के बाद यूएस में अवैध रूप से रह रहे लोगों को बाहर निकालने का फैसला लिया गया। इसी क्रम में अवैध भारतीय अप्रवासियों को भारत भेजा जा रहा है। अबतक अमेरिका से तीन विमान लैंड हो चुके हैं।