ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण में SI दिनेश शर्मा पर कार्रवाई, 5 हजार रुपए का अर्थदंड

44

ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण में SI दिनेश शर्मा पर कार्रवाई, 5 हजार रुपए का अर्थदंड

भोपाल।राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण में पुलिस विभाग ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कटारा हिल्स थाने के एसआई दिनेश शर्मा पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है।

बताया जा रहा है कि टिवशा शर्मा द्वारा कथित रूप से आत्महत्या में इस्तेमाल किए गए फंदे (लिगेचर बेल्ट/कॉर्ड) को लेकर हुई लापरवाही के चलते यह कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित सामग्री को जब्त किए जाने के बावजूद उसकी अभिरक्षा और दस्तावेजी प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियां बरती गईं।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने 13 मई की सुबह करीब पौने 10 बजे उक्त फंदे को जब्त किया था, लेकिन उसके जब्ती पंचनामे में आवश्यक उल्लेख नहीं किया गया। आरोप है कि जब्त सामग्री बाद में एसआई दिनेश शर्मा अपने वाहन में लेकर घूमते रहे, जिससे साक्ष्यों की सुरक्षा और जांच की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने उनके खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई की है। साथ ही भविष्य में विभागीय स्तर पर अन्य कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले इसी प्रकरण में जेल में बंद सेवानिवृत्त जज गिरीबाला और उनके बेटे समर्थ को कथित वीआईपी सुविधाएं दिए जाने के मामले में डिप्टी जेलर को भी हटाया गया था। ऐसे में एसआई दिनेश शर्मा पर हुई कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस महकमे में इसे भविष्य में साक्ष्यों के संरक्षण और जांच प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।