Former CM Resigns from Congress : किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में जाने के आसार!

कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में किसी का जिक्र नहीं!

460

Former CM Resigns from Congress : किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में जाने के आसार!

Hyderabad : कांग्रेस को आज आंध्र प्रदेश में बड़ा झटका लगा। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी ने रविवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। वे चित्तूर जिले से चार बार विधायक रहे हैं। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना है। किरण कुमार को राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में अहम पद दिए जाने की संभावना है।

वे पिछले कुछ समय से कांग्रेस में हो रही अपनी उपेक्षा से नाराज थे। इस वजह से उन्होंने यह फैसला किया। 11 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे अपने पत्र में रेड्डी ने कहा है कि उनके इस पत्र के माध्यम से उनका कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार किया जाए। अपने इस्तीफे में उन्होंने किसी कारण का जिक्र नहीं किया।

पूर्व मुख्यमंत्री के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर राज्य भाजपा के अध्यक्ष सोमू वीरराजू ने कहा कि वे किसी भी नेता का स्वागत करेंगे जो पार्टी में शामिल होने में रुचि दिखाते हैं। वीरराजू ने कहा कि किरण कुमार के शामिल होने से निश्चित रूप से राज्य में पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एक सक्रिय राजनेता हैं।

WhatsApp Image 2023 03 12 at 10.09.41 PM

2010 में आंध्र के सीएम बने
किरण कुमार ने 1989 में अपनी राजनीतिक शुरुआत की और वायलपाडु से कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की। उन्होंने 1999 और 2004 में एक ही निर्वाचन क्षेत्र से और बाद में 2009 में पिलेरू विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता। 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की दुखद मौत से पैदा हुए नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम के के बाद किरण कुमार ने 2010 में अविभाजित आंध्र प्रदेश की बागडोर संभाली।

11 नवंबर 2010 को उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि तत्कालीन यूपीए सरकार द्वारा किए गए संयुक्त आंध्र प्रदेश के बंटवारे के बाद रेड्डी ने 10 मार्च 2014 को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के इस फैसले का पुरजोर विरोध भी किया था और मनमोहन सरकार के विधेयक के विरोध में राज्य की विधानसभा में एक प्रस्ताव भी पारित किया था।

2014 में खुद की राजनीतिक पार्टी बनाई
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद किरण कुमार रेड्डी कांग्रेस से अलग हो गए थे। साल 2014 में उन्होंने अपना खुद का राजनीतिक संगठन ‘जय समैक्य आंध्र’ बनाया और लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हुए। हार से हताश 2018 में किरण कुमार ने पार्टी को भंग कर दिया और कांग्रेस का फिर से दामन थाम लिया। इसके बाद वे राजनीतिक रूप से निष्क्रिय हो गए थे।