
Friendship Meet Concludes : श्रद्धा-भक्ति का दिव्य संगम- सेमलियाजी तीर्थ पर मैत्री मिलन समारोह सम्पन्न!
Jaora : श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा इस सत्र का प्रथम मैत्री मिलन समारोह एवं तीर्थ दर्शन 23 सौ वर्ष प्राचीन पावन धरा श्री सेमलियाजी महातीर्थ में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम समाजसेवी लालचंद सुराणा, राजकुमार सुराणा, अभय सुराणा (रतलाम) एवं जीवदया प्रेमी विनोद डांगी के विशेष आतिथ्य में आयोजित हुआ जिसने आयोजन को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में दादा शांतिनाथ भगवान को छाप चढ़ाने का पुण्य लाभ श्रीमती चमेलीदेवी धर्मपत्नी आनंदीलाल संघवी को प्राप्त हुआ। ढोल-नगाड़ों और भक्ति-भाव के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में दंपति एवं सदस्यगण सिर पर छाप लेकर शांतिनाथ दादा के दरबार पहुंचे। वहां सभी ने आरती, पूजा-अर्चना एवं वंदन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। मुख्य अतिथि लालचंद सुराणा ने संस्था की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि अध्यक्ष अभय सुराणा की सकारात्मक सोच और कुशल नेतृत्व संस्था को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रहा है। उन्होंने आगामी मैत्री मिलन श्री बीबडोद तीर्थ में आयोजित करने का सुझाव देते हुए स्वयं को भी सेवा का अवसर प्रदान करने का आग्रह किया।
विशेष अतिथि राजकुमार सुराणा ने संस्था की सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया तथा रतलाम में ब्लड बैंक के माध्यम से संचालित सेवा कार्यों की जानकारी साझा की। वहीं जीवदया प्रेमी विनोद डांगी ने आगामी यात्रा श्री नाकोड़ाजी तीर्थ में आयोजित करने की घोषणा करते हुए मुख्य लाभार्थी बनने का सौभाग्य प्राप्त किया एवं सभी सदस्यों से वहां पधारने का आग्रह किया।
अध्यक्ष अभय सुराणा ने स्वागत भाषण में संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर भी प्रकाश डालते हुए सभी को संस्था एवं सेवा गतिविधियों की सुव्यवस्थित जानकारी प्रदान करी। अभय सुराणा (रतलाम) ने संस्था की प्रेरणादायी कार्यशैली से प्रभावित होकर रतलाम में भी इसी प्रकार का संगठन स्थापित करने की भावना व्यक्त की। अतिथियों का आत्मीय स्वागत यात्रा संयोजक अभय श्रीमाल, नेमीचंद जैन, अनिल धारीवाल, अनिल पावेचा, अशोक सुराणा, बसंतीलाल चपडोद, शांतिलाल डांगी, एडवोकेट यशवंत सुराणा, संजय सुराणा सहित अनेक सदस्यों द्वारा किया गया। श्रीमती आशा कोचट्टा, मंजू डांगी एवं पुष्पा चपडो़द द्वारा प्रस्तुत मेरी भावना सब सुखी संसार बने की सुमधुर प्रार्थना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रश्न मंच का सुंदर संचालन संस्था अध्यक्ष अभय सुराणा ने किया तथा पुरस्कार अशोक एवं इंदु रांका द्वारा प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में श्रेणीक-त्रिशला नादेचा एवं अशोक-सुशीला धोका दंपति की विवाह वर्षगांठ हर्षोल्लास से मनाई गई। संघ पूजा का लाभ चमेलीदेवी आनंदीलाल संघवी को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का संचालन पुखराज पटवा ने तथा आभार राजकुमार हरण ने माना। डॉ. अशोक मंडलेचा, वर्धमान मांडोत, डॉ. सीएम मेहता, अभय भंडारी सुभाष डूंगरवाल, विमल चपडोद, सुरेंद्र संघवी, अशोक झामर, आनंदीलाल लोढ़ा, दिलीप चत्तर, दिनेश सुराणा, कमल चपडोद, अजीत बरड़िया, पुखराज पारख, हेमंत जैन, , राजेंद्र कोचर, प्रकाश पामेचा, अजय आंचलिया, विनोद लूनिया, सुशील मेहता, अशोक सावनसुखा, संतोष सांखला सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण मौजूद रहें। समारोह ने सेवा, श्रद्धा, संस्कार और धर्म के प्रति समर्पण का ऐसा संदेश दिया, जिसने सभी उपस्थितजनों के हृदय को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया!





