Government Will Take Loan Again : आज फिर सरकार बाजार से 1500 करोड़ का कर्ज लेगी!

राज्य सरकार पर पहले से 3 लाख 31 हजार 651 करोड़ 7 लाख रुपए का कर्ज!

245

Government Will Take Loan Again : आज फिर सरकार बाजार से 1500 करोड़ का कर्ज लेगी!

Bhopal : मध्यप्रदेश सरकार एक बार फिर खुले बाजार से 1500 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। सात फरवरी को मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र शुरु होंने से पहले 6 फरवरी को राज्य सरकार ने इसके लिए देशभर की संस्थाओं से प्रस्ताव बुलाए। जो प्रस्ताव सबसे उपयुक्त पाया जाएगा उससे राज्य सरकार सात फरवरी को यह कर्ज उठाएगी।

पंद्रह सौ करोड़ के नए कर्ज की अदायगी राज्य सरकार सात फरवरी 2040 तक करेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने 6 फरवरी को रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के कोर बैंक साल्यूशन ई-कुबेर सिस्टम के जरिए प्रस्ताव बुलाए थे। सुबह साढ़े दस बजे से 11 बजे के बीच ये प्रस्ताव राज्य सरकार के पास आ गए है। इनमें से जो प्रस्ताव राज्य सरकार की शर्तो को पूरा करेंगे और राज्य को सबसे कम ब्याज दर पर कर्ज देने को तैयार होंगे उनसे राज्य सरकार आज 1500 करोड़ रुपए का कर्ज लेगी। सोलह साल में इस कर्ज की वापसी की जाएगी।

पहले से 3 लाख 31 हजार करोड़ का कर्ज
राज्य सरकार पर पहले से ही 3 लाख 31 हजार 651 करोड़ 7 लाख रुपए का कर्ज है। इसमें बाजार से लिया गया कर्ज 2 लाख 817 करोड़ का है। वित्तीय संस्थाओं से कर्ज 14 हजार 620 करोड़ रुपए है। इसके अलावा पावर बांड और अन्य बांड से 6 हजार 624 करोड़ रुपए, केन्द्र सरकार से कर्ज 52 हजार 617 करोड़, अन्य दायित्व 18 हजार 472 करोड़ और छोटी बचत योजनाओं से मिली राशि 38 हजार 498 करोड़ रुपए है।
इस तरह कर्ज में डूबी सरकार एक बार फिर खुले बाजार से कर्ज लेकर कर्ज बढ़ा रही है। प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर और योजनाओं के संचालन के लिए राज्य सरकार को और रुपयों की जरुरत है इसलिए यह कर्ज लिया जा रहा है।