अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पदार्फाश: 350 किमी दूर बड़वानी से भोपाल में खपाते थे अवैध हथियार,8 आरोपियों से 4 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 8 मोबाइल बरामद

26

अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पदार्फाश: 350 किमी दूर बड़वानी से भोपाल में खपाते थे अवैध हथियार,8 आरोपियों से 4 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 8 मोबाइल बरामद

भोपाल।क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पदार्फाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित कुल 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस और 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए है।

गिरोह का मुख्य सरगना भोपाल से 350 किलोमीटर दूर से अवैध हथियार लाकर भोपाल में खपाता था। वह 10 हजार की पिस्टल को 30 हजार रुपए में बेचता था। ऐसे में अब क्राइम ब्रांच पूरे रूट प्लान पर फोकस करके आरोपियों के गिरोह को ध्वस्त करने की कार्ययोजना बनाकर काम कर रही है।

बताया जा रहा है कि भोपाल में अवैध हथियार बेचने का गिराहे कई दिनों से सक्रिय था, जिसके कुछ सहयोगी पकड़े गए हैं। अन्य कई आरोपियों को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया जारी है।

क्राइम ब्रांच पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना जहांगीराबाद क्षेत्र से शुरू हुई, जहां मुखबिर की सूचना पर सीआई कॉलोनी जदा कब्रिस्तान गेट के पास एक युवक को अवैध पिस्टल और कारतूस लेकर बेचने के लिए खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर दानिश उर्फ दन्नी खान निवासी रेतघाट को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी दी, जिसके आधार पर टीटी नगर से मोहम्मद अमन और मोहम्मद मुस्तफा को हिरासत में अवैध हथियार व कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद खटलापुरा से तालिब खान, करिश्मा पार्क एमवीएम कॉलेज के पास से अरशान खान व सरफराज पठान और लालघाटी ब्रिज के पास से गुफरान को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार भोपाल से गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गिरोह का सरगना अली खान निवासी खरगोन को गिरफ्तार किया गया। अली खान भोपाल से साढ़े तीन सौ किलोमीटर दूर बड़वानी जिले के सिकलीगरों से हथियार खरीदकर भोपाल लाकर सप्लाई करता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अधिकांश आरोपियों के खिलाफ पहले से ही मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।