MP में 15 दिसंबर तक सभी पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य होगा

789

MP में 15 दिसंबर तक सभी पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य होगा

भोपाल। हाई कोर्ट की सख्ती के बाद अब परिवहन विभाग ने प्रदेश के सभी पुराने वाहनों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए हैं। 15 दिसंबर तक सभी पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग यातायात पुलिस के जरिए पूरे प्रदेश भर में अभियान चलाकर जुर्माना  वसूल करेगा। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के बिना मिलने वाले सभी पुराने वाहनों पर 15 दिसंबर के बाद 500 रुपए जुमार्ना लगाया जाएगा।

मध्य प्रदेश में बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के घूम रहे पुराने वाहनों को लेकर हाईकोर्ट जबलपुर ने नाराजगी जाहिर की थी। हाई कोर्ट ने मध्य प्रदेश के सभी पुराने वाहनों पर 15 जनवरी तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए हैं। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद परिवहन विभाग ने 1 अप्रैल 2019 के पूर्व पंजीकृत सभी वाहनों पर 15 दिसंबर 2023 तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश, कर्नाटक तेलंगाना, उड़ीसा, दिल्ली सहित आठ राज्यों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट सभी वाहनों पर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है अब मध्य प्रदेश भी अपने यहां के सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य करने जा रहा है।

घर बैठे भी लगवा सकेंगे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट

ऐसे सभी वाहन मालिक जिनके वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अभी तक नहीं लगी है वह अपने नजदीकी वाहन डीलर से संपर्क कर अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवा सकते हैं। वाहन स्वामी चाहे तो हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट की बुकिंग ऑनलाइन कर सकते हैं तथा निर्धारित तिथि, समय पर वाहन डीलर के परिसर में जाकर अपने वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवा सकते हैं।

वाहन स्वामी यदि वाहन डीलर के परिसर में ना जाकर अपने घर या आॅफिस परिसर में ही अपने वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना चाहते हैं, तो यह सुविधा भी उपलब्ध है।

वाहन निमार्ता कंपनी के अधिकृत डीलर से बुकिंग के लिए एस आई ए एम की वेबसाइट पर लॉगिन किया जा सकता है, इसका लिंक मध्य प्रदेश परिवहन विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। एस आई ए एम की वेबसाइट पर बुक एच एस आर पी लिंक पर अपने वाहन निमार्ता के नजदीकी डीलर का चयन किया जा सकता है। प्लेट फिक्स करने के लिए सुविधा अनुसार अपॉइंटमेंट की तिथि और समय के पस्लाट का चयन किया जा सकता है। चयनित तिथी और समय पर चुने गए डीलर से अपने वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट फिक्स कराई जा सकती है। नंबर प्लेट लगाने का शुल्क भुगतान केवल ऑनलाइन ही किया जा सकेगा।