
Kanha Tiger Reserve: भीषण गर्मी के लिए कान्हा में वन्य प्राणियों के जलस्रोतों की विशेष निगरानी एवं प्रबंधन
गणेश पांडे की विशेष रिपोर्ट
भोपाल : कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा ग्रीष्म ऋतु के दौरान वन्य जीवों हेतु पर्याप्त एवं समान रूप से जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जलस्रोत प्रबंधन एवं विकास के विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्तमान में कान्हा टाइगर रिजर्व में कुल 1196 जलस्रोत विद्यमान हैं, जिनमें 520 प्राकृतिक एवं 676 कृत्रिम जलस्रोत सम्मिलित हैं। इन जलस्रोतों के माध्यम से कोर क्षेत्र में वन्य जीवों के लिए जल की उपलब्धता एवं उसका संतुलित वितरण सुनिश्चित किया गया है।
ग्रीष्म ऋतु के दौरान जल संकट की संभावना वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाती है तथा आवश्यकता पड़ने पर जल टैंकरों के माध्यम से अतिरिक्त जल उपलब्ध कराया जाता है। अग्रिम पंक्ति के वन कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन जलस्रोतों का निरीक्षण एवं जल स्तर की मॉनिटरिंग की जाती है, जिससे किसी भी जलस्रोत के सूखने अथवा जल स्तर में अत्यधिक कमी आने की स्थिति में तत्काल आवश्यक प्रबंधन कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
जलस्रोतों पर विशेष निगरानी
चूंकि जलस्रोत वन्य जीवों की गतिविधियों के प्रमुख केंद्र होते हैं, अतः संवेदनशील जलस्रोतों पर विषाक्त पदार्थों, शिकार गतिविधियों अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु विशेष सतर्कता बरती जाती है। ग्रीष्म ऋतु के संवेदनशील काल में ऐसे जलस्रोतों की नियमित निगरानी की जाती है, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पुराने जलस्रोतों का गहरीकरण
जलस्रोत विकास कार्यों के अंतर्गत नवीन जल संरचनाओं का निर्माण, पुराने जलस्रोतों का गहरीकरण, गाद निकासी (डी-सिल्टिंग), मरम्मत एवं पुनर्रूपांकन कार्य नियमित रूप से किए जाते हैं। प्रबंधन द्वारा प्राकृतिक एवं कृत्रिम दोनों प्रकार के मौसमी एवं बारहमासी जलस्रोतों का नियमित सर्वेक्षण कर अद्यतन जल मानचित्र तैयार किए जाते हैं, जिनके आधार पर जल उपलब्धता, वन्यजीव उपयोगिता तथा आवश्यकता अनुसार नई जल संरचनाओं के निर्माण की योजना बनाई जाती है। विशेष रूप से बारासिंघा जैसी प्रजातियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उथले एवं छोटे जलस्रोतों का संरक्षण एवं विकास किया जाता है, जिससे जलीय वनस्पतियों की उपलब्धता बनी रहे तथा वन्य जीवों को अनुकूल आवासीय परिस्थितियाँ प्राप्त हो सकें।
इनका कहना
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा ग्रीष्म ऋतु में जलस्रोतों की सतत निगरानी, वैज्ञानिक प्रबंधन एवं संरक्षण कार्यों के माध्यम से वन्य जीवों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल आवासीय परिस्थितियाँ सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
— प्रकाश कुमार वर्मा,
उप संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व





