Khargone News: मेनगांव में मल्टी स्टोरी भवन की पार्किंग में आग, 6 दोपहिया वाहन जले; 4 युवकों पर केस दर्ज

47

Khargone News: मेनगांव में मल्टी स्टोरी भवन की पार्किंग में आग, 6 दोपहिया वाहन जले; 4 युवकों पर केस दर्ज

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर मेनगांव थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक मल्टी स्टोरी नगर पालिका आवासीय भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में आग लगने से छह दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इस मामले में चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मेनगांव थाना प्रभारी मनसा राम रोमड़े ने बताया कि रहवासी अंशु शर्मा की शिकायत पर गौतम, विशाल, सिद्दू और अक्षय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आसपास की ही इमारतों में रहने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

IMG 20260428 WA0006

पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब दो बजे हुई, जब ब्लॉक नंबर 12 के रहवासियों ने तेज धमाकों की आवाज सुनी और कॉमन पैसेज में घना धुआं भरता देखा। शिकायतकर्ता अंशु शर्मा ने बताया कि नीचे पहुंचने पर उन्होंने चारों आरोपियों को मौके से भागते हुए देखा।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों में लगी, जो कुछ ही मिनटों में फैल गई। भवन में 24 परिवार रहते हैं, जिनमें से कई लोग धुएं से बचने के लिए वैकल्पिक सीढ़ियों से बाहर निकले।

सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छह वाहन पूरी तरह जल चुके थे। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर इसे स्थानीय विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान बार-बार धमाके होने से लोगों में दहशत फैल गई। एक रहवासी ने बताया कि पूरा रास्ता धुएं से भर गया था और नीचे से लपटें उठ रही थीं, जिसके चलते लोगों को दूसरी सीढ़ी का सहारा लेकर बाहर निकलना पड़ा।

एक अन्य रहवासी ने बताया कि उनका दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने आशंका जताई कि विवाद के चलते आगजनी की गई, जिससे सभी परिवारों की जान खतरे में पड़ गई।

इस बीच, कुछ रहवासियों ने दमकल के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। हालांकि नगर पालिका खरगोन की मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमला कौल ने कहा कि फायर ब्रिगेड 24 घंटे अलर्ट पर रहती है और सूचना मिलने में देरी की संभावना हो सकती है। मामले की समीक्षा की जाएगी।

टेमला रोड स्थित यह नगर पालिका आवासीय परिसर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए निर्मित है, जहां कई तीन मंजिला भवनों में करीब 440 परिवार निवास करते हैं। प्रत्येक ब्लॉक में प्रति मंजिल आठ फ्लैट तथा आपात स्थिति के लिए दो सीढ़ियां उपलब्ध हैं।

घटना के बारे में खरगोन के एसडीओपी रोहित लखारे को रात्रि 8:00 बजे तक जानकारी नहीं थी। कनिष्ठ अधिकारियों के द्वारा जानकारी नहीं दिये जाने के चलते पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने भी अनभिज्ञता जाहिर की ,लेकिन उन्होंने कहा कि वे तत्काल इसकी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। और, इसके बाद थाना प्रभारी ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे चार लोगों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर उनकी तलाश आरंभ कर दी गई है।